पैसे के अभाव में कई जगहों पर बंद हो गयी है योजनारांची. इस बार अनुपूरक बजट से ग्रामीण कार्य विभाग को 3000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि नहीं मिली, तो राज्य भर में ग्रामीण सड़क व पुल का काम लटका रह जायेगा. फिर अगले वित्तीय वर्ष में नये बजट से पैसा मिलने के बाद ही इसका काम शुरू हो सकेगा. अभी राज्य के अधिकतर प्रमंडलों में पैसे के अभाव में सड़क व पुल का काम प्रभावित हो गया है. कई जगहों पर काम बंद भी हो गया है. आगे काम करने के लिए ठेकेदारों के पास भी पैसे नहीं हैं. वे लगातार काम के एवज में राशि की मांग कर रहे हैं. पैसे का भुगतान नहीं कर पाने का बुरा असर योजना पर पड़ रहा है.
विभाग ने बजट व खर्च का आकलन कराया
ग्रामीण कार्य विभाग ने स्थिति देखने के बाद योजना का हाल, बजट व खर्च का आकलन कराया. वहीं, सारे प्रमंडलों से अब तक हुए कार्यों के विरुद्ध भुगतान की रिपोर्ट मंगायी. काम के एवज में कितनी देनदारी है, इसका आकलन करने पर स्पष्ट हुआ कि अभी 3000 करोड़ रुपये से भी अधिक की राशि की जरूरत है. इतनी राशि का काम हो गया है, पर उसका भुगतान नहीं हुआ है. ऐसे में इतनी राशि की जरूरत बतायी गयी है. इस राशि से अब तक जो कार्य हुए हैं, उसका भुगतान किया जायेगा. विभाग की ओर से इस राशि की मांग अनुपूरक बजट में की जायेगी. इसकी तैयारी की गयी है. राशि मिलने पर काम आगे बढ़ाया जा सकेगा. इंजीनियरों का कहना है कि अगर राशि नहीं मिली, तो आगे योजना जारी नहीं रह सकेगी. फिर काम के लिए अगले वित्तीय वर्ष का इंतजार करना होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
