विश्व कैंसर दिवस पर रिम्स में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, मरीज व उनके परिजन हुए शामिल
रांची : विश्व कैंसर दिवस पर मंगलवार को रिम्स के कैंसर सुपर स्पेशियालिटी विंग में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान मरीजों व परिजनों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में रिम्स निदेशक डॉ दिनेश कुमार सिंह, कैंसर सर्जन डॉ रोहित झा व डॉ अजीत कुशवाहा, रेडियोथैरेपी विभाग के डॉ अनूप कुमार सहित कई डॉक्टर शामिल हुए. इस मौके पर लोगों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने का संकल्प लिया.
इस दौरान कैंसर विंग में इलाज कराने के बाद ठीक हो चुके मरीजों ने अपना अनुभव साझा किया. अपनी गलती के बारे में अन्य लोगों को बताया. कैंसर रोगियों व उनके परिजनों ने अपने मोहल्ले के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया. इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें रिम्स निदेशक व डॉक्टरों ने हस्ताक्षर कर लोगों जागरूक करने की बात कही. हस्ताक्षर करने वाले प्रत्येक व्यक्ति ने एक से दो व्यक्ति को जागरूक करने का प्रण लिया. कैंसर सर्जन डॉ रोहित झा ने कैंसर के लक्षण व बचाव के बारे में जानकारी दी.
