अचानक सामने स्कूल बस देख बिगड़ा संतुलन, पलटी बोलेरो
कर्रा के पोड़ा गांव के समीप हुई घटना
मृतक व घायल अोड़िशा के बड़बिल के निवासी
कर्रा : थाना क्षेत्र के पोड़ा गांव के समीप स्कूल बस से बचने के क्रम में तेज गति से आ रही बोलेरो पलटी खाते हुए खेत में जा घुसी. घटना में बोलेरो (ओडी09जी-4969) पर सवार बड़बिल (अोड़िशा) निवासी विकास कुमार व अर्जुन प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं अभिषेक कुमार गुप्ता व गणेश लाल गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गये.
शादी समारोह में शामिल होने पतरातू जा रहे थे
जानकारी के अनुसार उक्त सभी लोग शादी समारोह में भाग लेने बड़बिल से पतरातू जा रहे थे. इसी दौरान घटना घटी. पोड़ा गांव के समीप मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही स्कूल बस से बचने के क्रम में बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया. वह पलटी खाते हुए सड़क से 40 से 50 फीट दूर खेत में जा घुसी.
घायलों को ग्रामीणों के सहयोग से सीएचसी कर्रा लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. घायलों के सिर में गंभीर चोट आयी है. वहीं मृतकों का शव थाना लाया गया है. बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा जायेगा.
