रांची : अपर न्यायायुक्त एके मिश्रा की अदालत में हत्या मामले में पेशी के लिए अपराधी गेंदा सिंह उर्फ विजय कुमार सिंह को दुमका जेल से रांची लाया गया. भारी सुरक्षा के साथ उसे रांची लाकर अदालत में पेश किया गया. उसकी अगली पेशी 15 फरवरी को होगी. तब तक उसे रांची के होटवार जेल में रखने का आदेश न्यायालय ने दिया है. उसके साथ अन्य आरोपियों का बयान दर्ज होगा. वर्ष 2017 में तुपुदाना निवासी राजेश तिर्की हत्या मामले में गेंदा सिंह आरोपी है.
इस मामले के अन्य आरोपी जोगेश्वर सिंह, सरवर खान, बाबू, भोला लाल, पप्पू, अमजद खान हैं. हत्या के मामले में मृतक की पत्नी प्रीति कच्छप ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी. 20 अक्तूबर 2017 को चार्जशीट, तीन मई 2018 को चार्ज फ्रेम हुआ था. इस मामले में गेंदा सिंह 30 अगस्त 2017 से ही जेल में है, जबकि शेष अन्य आरोपी जमानत पर हैं.
