रांची : केंद्रीय विश्वविद्यालय, झारखंड (सीयूजे) के आठ विभाग फरवरी के पहले हफ्ते में ब्रांबे स्थित परिसर से चेरी-मनातू स्थित नये भवन में शिफ्ट हो जायेंगे. उक्त निर्णय विवि के एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिया गया.
कुलपति डॉ नंद कुमार यादव इंदू ने निर्णय लिया है कि पहले फेज में चार स्कूल के तहत आठ विभाग को शिफ्ट किया जायेगा. संबंधित डीन व विभागाध्यक्ष इस दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करायेंगे.
इसके तहत स्कूल अॉफ एजुकेशन के तहत एजुकेशन विभाग नये भवन के पहला तल्ला में रूम नंबर 201 से 211 में शिफ्ट होंगे. स्कूल अॉफ लैंग्वेज के तहत इंग्लिश स्टडीज, हिंदी अौर फार इस्ट लैंग्वेज विभाग दूसरे तल्ले में रूम नंबर 301 से 311 में, स्कूल फॉर द स्टडी अॉफ कल्चर के तहत ट्राइबल स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट अौर कंटेंपररी ट्राइबल कस्टमरी लॉ विभाग तथा स्कूल अॉफ ह्यूमिनिटिज एंड सोशल साइंस के तहत पॉलिटिक्स एंड इंटरनेशनल रिलेशन विभाग नये भवन के तीसरा तल्ला में रूम नंबर 401 से 411 में शिफ्ट होंगे. कुलपति ने बाकी बचे सभी विभाग को नये परिसर में इस वर्ष के जून माह तक शिफ्ट करने का निर्देश दिया है. उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विवि के नये परिसर के निर्माण कार्य में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर इसकी जांच सीबीआइ को सौंपी गयी.
परिसर में नया भवन बनने के बाद एप्रोच रोड नहीं रहने के कारण चालू नहीं हो सका. कई माह तक बेकार पड़े रहने के कारण भवन के कई हिस्से जीर्ण-शीर्ण हो गये, साथ ही भवन में लगे खिड़की, दरवाजे, नल आदि चोर खोल कर ले गये. इसके बाद परिसर की सुरक्षा के लिए प्रहरी रखे गये.
