रांची से जत्था होगा रवाना
रांची : झारखंड से पत्रकारों का एक जत्था श्रीनगर के लाल चौक पर 26 जनवरी को तिरंगा फहरायेगा. तिरंगा फहराने के लिए 23 जनवरी को रांची से पत्रकारों का जत्था रवाना होगा. झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संस्थापक शहनवाज हसन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर वर्ष 2017 में भी देशभर के पत्रकार श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के लिये रांची से रवाना हुये थे. वहां महबूबा मुफ्ती की सरकार ने देशभर के 45 पत्रकारों को हिरासत में लिया था.
जत्था को लाल चौक पर तिरंगा फहराने की अनुमति नहीं दी गयी. यात्रा में शामिल पत्रकारों ने यह संकल्प लिया था कि वे पुनः श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के लिये आयेंगे. इस वर्ष तिरंगा सम्मान यात्रा में झारखंड, छतीसगढ़, उत्तरप्रदेश, दिल्ली एवं तमिलनाडु के पत्रकार शामिल होंगे.
नयी दिल्ली से 25 जनवरी को हवाई जहाज से यह जत्था श्रीनगर के लिए रवाना होगा. इस यात्रा में पलामू प्रमंडल से संजय मिश्र, धनबाद से संतोष साव व अनोजीत सेन, चतरा से जितेंद्र सिंह चौहान, जमशेदपुर से अंकिता सिन्हा, उत्तरप्रदेश से विवेक पांडेय, छत्तीसगढ़ से योगेश मिश्रा, दिल्ली से पवन भार्गव व महेंद्र शर्मा, तमिलनाडु से वी रवि व एस कुमार सहित देश के अन्य राज्यों के पत्रकार शामिल होंगे.
