रांची : कांटाटोली चौक में पाइपलाइन शिफ्टिंग के कारण शहर के बड़े इलाके में पानी की आपूर्ति बंद है. इस कारण रविवार को रांची नगर निगम के 19 टैंकरों द्वारा सुबह छह बजे से ही प्रभावित मोहल्ले में टैंकर से पानी का वितरण किया गया. दिन भर अलग-अलग मोहल्ले में घूम कर इन टैंकरों द्वारा कुल 64 ट्रिप में पानी का वितरण किया गया. पानी वितरण के कार्य में चार हजार लीटर, पांच हजार लीटर, छह हजार लीटर व आठ हजार लीटर के टैंकर लगाये गये थे.
इन मोहल्लों में हुआ वितरण : कोकर, खाेरहाटोली, गढ़ाटोली, कांटाटोली, रविदास मोहल्ला, कुरैशी मोहल्ला, इस्लाम नगर, आजाद बस्ती, नया टोली, बहू बाजार, चुटिया, प्रगति पथ, धुमसा टोली, लोअर चुटिया, सामलौंग, केतारी बागान में पानी का वितरण किया गया. इस दौरान लोगों से अपील की गयी कि वे पानी की बर्बादी न करें. जितना जरूरत हो, उतना ही पानी का उपयोग करें.
शहर में रविवार की दो अहम तस्वीर. एक तरफ, बड़े इलाके में रविवार से जलापूर्ति बंद कर दी गयी. अगले तीन दिनों तक यही स्थिति रहेगी. कारण कांटाटोली चौक में पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है. नगर निगम ने प्रभावित मोहल्लों में टैंकरों से पानी पहुंचाया. लोगों को नसीहत दी कि पानी की बर्बादी न करें. वहीं, खेलगांव-टाटीसिलवे मार्ग पर जलापूर्ति पाइप फट गया है, इससे सड़क पर हजारों लीटर पानी बह गया, अब भी बह रहा है.
खेलगांव-टाटीसिलवे मार्ग पर एनसीसी कार्यालय के सामने जलापूर्ति पाइप फट गया है तथा इससे लगातार पानी बह रहा है. इससे बड़ी समस्या यह है कि जहां पाइप फटा है, वहां एक बड़ा गड्ढा हो गया है. इसे ईंट, पेड़ के पत्ते व अन्य कामचलाऊ चीजों से भरा गया है. सड़क के बीचोंबीच बना यह गड्ढा वाहन चालकों के लिए खतरनाक है. लेकिन, इस ओर निगम का ध्यान ही नहीं जा रहा है.
