रांची : शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी रांची महानगर के कार्यकर्ताओं ने कांके में लॉ की छात्रा और हैदराबाद में महिला चिकित्सक के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान सांकेतिक धरना, आक्रोश मार्च और मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया.
मौके पर अभाविप के महानगर मंत्री कुमार दुर्गेश ने कहा कि इस प्रकार की घटना देश व राज्य को शर्मसार करने वाली है. सरकार और अन्य जिम्मेदार लोगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि इस प्रकार की घटनाओं पर शीघ्र रोक लगे और आरोपियों को कड़ी सजा मिले.
अभाविप केंद्रीय विश्वविद्यालय संयोजक मोनू शुक्ला ने कहा कि आज पूरा देश इस नृशंस घटना पर अत्यंत दुखी है. आशा करते हैं कि ऐसी अमानवीय घटना रोकने के लिए सरकार और प्रशासन तो प्रयास करे ही, समाज भी ऐसे कुकृत्यों को रोकने के लिए आगे आएं. महानगर सह मंत्री कंचन कुमारी ने कहा कि सरकार इस प्रकार के घटना के आरोपियों को मृत्युदंड देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वारा कानूनी कार्रवाई आगे बढ़े.
अभाविप रांची महानगर का एक प्रतिनिधिमंडल अनुमंडल पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक से मिलकर मांगपत्र सौंपा. रांची में स्थित सभी महाविद्यालयों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के नशीली पदार्थ की बिक्री न हो यह सुनिश्चित करने की मांग की गयी. कॉलेज परिसर एवं क्षेत्र में पुलिस की गश्ती सुनिश्चित हो तथा सभी सुनसान क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएं.
