तीन सुविधा केंद्रों से प्याज की बिक्री हो चुकी है शुरू
रांची : राजधानी की तीन पीडीएस दुकानों में भी आज से कम कीमत पर प्याज मिलेगा. इधर, गुरुवार से पंडरा बाजार समिति, कचहरी चौक और विकास भवन स्थित सुविधा केंद्र से प्याज की बिक्री शुरू हो गयी.
पंडरा बाजार समिति के पणन सचिव अभिषेक आनंद ने कहा कि आज भी प्याज 60 रुपये प्रति किलो मिलेगा. जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि शुक्रवार से रांची की तीन पीडीएस दुकानों में प्याज की बिक्री शुरू होगी. वहीं दो-तीन दिनों में 28 पीडीएस दुकानों से प्याज मिलने लगेगा. एक लाभुक को अधिकतम दो किलो प्याज मिलेगा. चयनित डीलरों में धुर्वा, कोकर, बिरसा चौक, जेपी मार्केट, डोरंडा, चुटिया, बूटी मोड़, पिस्का मोड़, पहाड़ी टोला, हिंदपीढ़ी, हटिया आदि शामिल है. इसके लिए शहरी क्षेत्र के 10 और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 18 पीडीएस दुकान चिन्हित किये गये हैं.
इधर, केंद्रीय खाद्य आपूर्ति सचिव ने की काॅन्फ्रेंसिंग
रांची : केंद्रीय खाद्य आपूर्ति सचिव रविकांत ने गुरुवार को प्याज की बढ़ती कीमत पर सभी राज्यों के विभागीय सचिवों के साथ चर्चा की. वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बातचीत के दौरान केंद्रीय सचिव ने सभी राज्यों से जानना चाहा कि उनके यहां प्याज सरप्लस है या कमी है.
झारखंड की अोर से विभागीय सचिव डॉ अमिताभ कौशल ने बताया कि झारखंड में प्याज सरप्लस नहीं है. इसके बाद केंद्रीय सचिव ने कहा कि कोई जरूरत हो, तो बतायें. हालांकि उन्होंने अभी कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है.
