लोटरदाग जंगल में धक्का मारकर वाहन मौके से फरार
घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था अकला नायक
पत्तल व दोना बेचकर परिवार का पेट पालता था
पिस्कानगड़ी : नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर-खूंटा मार्ग स्थित लोटरदाग जंगल से पुलिस ने देवरी निवासी अकला नायक (45) का शव बरामद किया. उसकी मौत वाहन के धक्के से हुई थी. बताया जा रहा है कि अकला नायक काफी देर तक घायल अवस्था में पड़ा रहा, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी. ग्रामीणों की सूचना पर परिजन व पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे. पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया.
अकला नायक जंगल से पत्ता लाकर पत्तल व दोना बनाकर बेचता था, जिससे उसके परिवार का भरण-पोषण होता था. अब घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. घटना की सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि, उप मुखिया तथा पंसस समेत सामाजिक कार्यकर्ता मृतक के घर पहुंचे. हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया.
