रांची : केंद्रीय कोयला सचिव अनिल कुमार जैन ने सीसीएल को निर्देश दिया है कि तय लक्ष्य को पूरा करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करें.
कंपनी उत्पादन और प्रेषण के काम को प्राथमिकता पर रखे. श्री जैन बुधवार को सीसीएल मुख्यालय में कंपनी के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे. बैठक में कंपनी ने पावर प्वाइंट के माध्यम से यहां चल रही गतिविधियों की जानकारी दी.
इसमें बताया कि कंपनी उत्पादन लक्ष्य को लेकर गंभीर है. सीएसआर के काम भी हो रहा है. श्री जैन ने निर्देशित किया कि राज्य सरकार स्तर पर जो भी मामला लंबित है. उसे दूर करने का प्रयास करें. संभव हो तो केंद्र सरकार भी इसमें सहयोग कर सकता है. बैठक में सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह, निदेशक कार्मिक आरएस महापात्र, सीवीओ एके श्रीवास्तव, सभी निदेशक, जीएम व एरिया जीएम मौजूद थे.
सीएमपीडीअाइ की समीक्षा बैठक के दौरान सचिव श्री जैन ने निर्देश दिया कि कंपनी की अन्य विधाओं में भी युवा अधिकारियों की नियुक्ति करें. विश्व स्तर पर उपलब्ध तकनीकी का उपयोग कर ड्रिलिंग के काम में तेजी लायें. स्टार्ट-अप के क्षेत्र में भी कंपनी काम करे.
इस मौके पर श्री जैन ने कंपनी में खुले इनोवेशन सेल का उद्घाटन भी किया. भूगर्भ संग्रहालय का अवलोक भी किया. बैठक में कंपनी के सीएमडी शेखर सरन, मंत्रालय के सलाहकार डॉ ए सिन्हा, पियूष कुमार, निदेशक तकनीकी केके मिश्रा, आरएन झा, एके राणा भी मौजूद थे.
