रांची : राजधानी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है. गली-मोहल्ले में ये कुत्ते झुंड में दिन भर टहलते रहते हैं. वहीं रात में सड़क से गुजरने वाले वाहनों पर टूट पड़ते हैं.
वार्ड नंबर 11 के अपर वर्द्धमान कंपाउंड में कुत्तों के आतंक से मोहल्ले के बच्चों ने सड़क पर खेलना बंद कर दिया है. झुंड में खड़े ये कुत्ते बच्चों को देखते ही उन्हें काटने के लिए दौड़ते हैं. इस कारण कई लोग अपने बच्चों को अकेले सड़क पर निकलने नहीं देते हैं. मोहल्ले के लोगों की मानें, तो इस संबंध में कई बार निगम के अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन निगम द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया.
शहर में हर दिन 50 से अधिक लोग आवारा कुत्तों का शिकार हो रहे हैं. हर दिन काफी संख्या में लोग रेबीज का टीका लगाने सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं.
कोकर के डिस्टिलरी पुल, कोकर चौक, कोकर खोरहा टोली, जोड़ा तालाब रोड, बरियातू व बरियातू थाना, हरमू पुल, बिरसा चौक आदि इलाकों में भी आवारा कुत्तों का आतंक है. इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि यहां मांस, मछली व मुर्गा की दुकानें अधिक हैं.
