रांची : ई-स्टांप को लेकर स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने मंगलवार को समाहरणालय भवन के बी-ब्लॉक में जागरूकता शिविर लगाया.
उदघाटन स्टॉक होल्डिंग झारखंड के प्रभारी किसलय किशोर ने किया. शिविर में लोगों को ई-स्टांपिंग की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके, इसकी जानकारी दी गयी. किसी प्रकार की परेशानी होने पर शिकायत करने की अपील की गयी. एसआरअो कार्यालय के प्रबंधक रितु रंजन ने बताया कि एक रुपये से लेकर 100 रुपये तक के ई-स्टांप पर अतिरिक्त स्टेशनरी शुल्क के रूप में 10 रुपये लगता है.
यह शुल्क राज्य सरकार के आदेश पर जनवरी 2019 से लग रहा है. 100 रुपये से अधिक के ई-स्टांप पर किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा. यदि कोई भी प्रज्ञा केंद्र या स्टांप वेंडर अतिरिक्त राशि की मांग करता है, तो उसकी शिकायत उपायुक्त व स्टॉक होल्डिंग से करें.
उन्होंने कहा कि ऐसी सूचना मिल रही है कि कचहरी में कुछ कंप्यूटर दुकानवाले ऑनलाइन ई-स्टांपिंग के नाम पर मनमाना शुल्क ले रहे हैं. इस बारे में लोगों को जागरूक किया गया. लोगों को बताया गया कि समाहरणालय भवन के बी-ब्लॉक के भूतल से सरकार द्वारा निर्धारित दर पर आसानी से व शीघ्र ई-स्टांप प्राप्त कर सकते हैं. यहां किसी भी मूल्य का ई-स्टांप दिया जाता है.
