बस के इंतजार में खड़े सात को वैन ने कुचला, पांच मरे

मसलिया(दुमका) : दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में दुमका-फतेहपुर मार्ग पर बस के इंतजार में खड़े सात लोगों को तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने रौंद दिया. घटना में पांच की मौत हो गयी. मरने वालों में जामजोरी गांव निवासी महिला रौशन मुर्मू (52), आगोयजोरी से आये उनके रिश्तेदार धनेश्वर मरांडी (58) […]

मसलिया(दुमका) : दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र में दुमका-फतेहपुर मार्ग पर बस के इंतजार में खड़े सात लोगों को तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने रौंद दिया. घटना में पांच की मौत हो गयी. मरने वालों में जामजोरी गांव निवासी महिला रौशन मुर्मू (52), आगोयजोरी से आये उनके रिश्तेदार धनेश्वर मरांडी (58) व उसकी पत्नी होपनी सोरेन (52), गायणा मुर्मू (30) व उसका पुत्र सुशील मुर्मू शामिल हैं.

सभी एक ही परिवार के थे. घटना शनिवार सुबह करीब छह बजे जामजोरी गांव के पास घटी. घटना में गायणा की पत्नी नूनी सोरेन व पुत्री सुनीता मुर्मू घायल हुए हैं. घायल को एंबुलेंस से दुमका मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
तेज थी वैन की रफ्तार
जानकारी के अनुसार, धनेश्वर मरांडी के नजदीकी रिश्तेदार की आसनसोल में मौत हो गयी थी. रिश्तेदार की मौत की सूचना के बाद धनेश्वर आगोयजोरी से अपने परिवार को लेकर गायणा की बहन रौशन मुर्मू के घर जामजोरी पहुंचा. उसे साथ लेकर आसनसोल जाने के लिए निकला था.
सुबह छह बजे सभी जामजोरी गांव के पास ही दुमका-फतेहपुर मार्ग पर बस के इंतजार में खड़े थे. इसी बीच आसनसोल से दुमका जा रही एक पिकअप वैन तेज रफ्तार से वहां पहुंची. वैन ने सात लोगों को कुचल दिया. इनमें चार की मौके पर ही मौत हो गयी. सुशील मुर्मू की मौत इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में हो गयी.
मुआवजे के बाद हटा जाम
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रोड जाम कर दिया. सूचना मिलने के बाद डीएसपी संतोष कुमार, अंचल अधिकारी महेंद्र महतो, मसलिया थानेदार संजय कुमार व टोंगरा थानेदार डीके सिंह की अगुवाई में मसलिया-टोंगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को समझा कर जाम हटाने की कोशिश की.
पर आक्रोशित लोग नहीं माने. बाद में पदाधिकारियों के समझाने और 40 हजार रुपये का मुआवजा दिये जाने पर लोगों ने करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया. इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है. चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >