रांची : राज्य अल्पसंख्यक आयोग कार्यालय में मो कमाल खान की अध्यक्षता में रांची जिला के कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की गयी़
मो कमाल खान ने जिला कल्याण पदाधिकारी को मौलाना आजाद कॉलोनी में अधूरे पड़े अल्पसंख्यक छात्रावास के निर्माण के लिए जल्द आवंटन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया
उन्हाेंने रांची जिला में मोमा (मिनिस्ट्री आॅफ माइनॉरिटी अफेयर्स) छात्रवृत्ति व अन्य आवेदनों में आय प्रमाण पत्र की जरूरत को देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में आय प्रमाण पत्र निर्गत करने के लिए शीघ्र व्यवस्था करायी जाये़ इसके साथ ही उन्होंने अल्पसंख्यक छात्रावासों से कब्जा हटाकर जरूरतमंद विद्यार्थियों को नियमानुसार आवंटित करने का भी निर्देश दिया़ बताया कि विभाग से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की अनुशंसा की गयी है़ उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह सेठी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को मोमा छात्रवृत्ति के आवेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का निर्देश दिया़
आयोग के सचिव जगबंधु महथा ने बताया कि अल्पसंख्यक से जुड़े मामले पर दो सप्ताह में फिर बैठक बुलायी जायेगी, जिसमें संबंधित को अद्यतन स्थिति की स्पष्ट जानकारी देने के लिए कहा गया है़ बैठक में रांची जिला कल्याण पदाधिकारी, रांची के कार्यपालक दंडाधिकारी, अरगोड़ा अंचलाधिकारी, भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी आदि उपस्थित थे़
