कई अपार्टमेंट में चोरी करनेवाले मो तबरेज ने कहा
रांची : अरगोड़ा पुलिस ने आइबी के सहायक निदेशक सपन कुमार लाल और व्यवसायी अभिषेक राजपूत के फ्लैट में चोरी करनेवाले मो तबरेज उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. उसे हरमू बिजली ऑफिस के समीप गिरफ्तार किया गया. वह बच्चा कब्रिस्तान नदी ग्राउंड हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र का रहनेवाला है और चोरी की घटना के मास्टर माइंड सिकंदर गद्दी से मिलने पहुंचा था.
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू-हनुमान मंदिर लेन स्थित श्री टावर अपार्टमेंट में रहनेवाले सपन कुमार लाल के फ्लैट से 19 सितंबर को 1.5 लाख व जेवरात की चोरी हुई थी. जबकि 16 सितंबर को वसुंधरा अपार्टमेंट निवासी अभिषेक राजपूत के घर से नकद और गोली की चोरी हुई थी. तबरेज ने बताया कि वह बिजली वायरिंग का काम कर छह-सात हजार रुपये कमा लेता था, लेकिन उससे गुजारा नहीं होता था.
इसके बाद चोरी और छिनतई करने की सोची. इसके लिए सिकंदर गद्दी से मिला. 16 सितंबर को नदी ग्राउंड में उसके साथ गांजा पीने के बाद बाइक से वसुंधरा अपार्टमेंट पहुंचा और चोरी की. घटना के बाद दोनों नदी ग्राउंड पहुंचे़ उस वक्त सिकंदर ने तबरेज को घर भेज दिया और जसीम के साथ डोरंडा थाना क्षेत्र के सिद्धि विनायक अपार्टमेंट और करमलीला अपार्टमेंट में चोरी करने पहुंचा़
चोरी के दौरान कट गया था हाथ: इसके बाद 19 सितंबर को सिकंदर व तबरेज श्री टावर अपार्टमेंट में चोरी करने पहुंचे़ इस दौरान दोनों का हाथ कटने से फ्लैट में खून बिखर गया था. इसी बीच किसी के चिल्लाने पर दोनों बालकनी से कूद कर भाग गये.
21 सितंबर को सिकंदर ने चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुर स्थित यमुना अपार्टमेंट और मिडलैंड अपार्टमेंट में चोरी की जानकारी दी. वहीं, 11 सितंबर को जसीम के साथ पारस अपार्टमेंट में चोरी की थी. तबरेज ने बताया कि उसके दोस्त इनाम ने 18 जुलाई को पुरुलिया रोड में एक महिला से पर्स छीन लिया था, जिसमें एक मोबाइल और चार हजार रुपये थे. तबरेज ने मोबाइल दो हजार में खरीदा था. पुलिस ने उसके पास से मोबाइल और वसंधुरा अपार्टमेंट में चोरी के दौरान पहना शर्ट बरामद कर लिया है.
