प्रवास कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने झामुमो पर साधा निशाना
रांची/खरसावां : केंद्रीय जनजातीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि कुचाई में जल्द ही आदिवासी बच्चों की पढ़ाई के लिए नवोदय की तर्ज पर एकलव्य आदर्श विद्यालय खोला जायेगा. सरकार किसान, मजदूर, छोटे व्यवसायी समेत हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है.
कुचाई के किसान भवन में आयोजित भाजपा प्रवास सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री मुंडा ने कहा कि जल, जंगल व जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासियों को उनका संवैधानिक अधिकार मिले, यह सुनिश्चित करना उनके मंत्रालय की जिम्मेवारी है और इसे वह बखूबी निभायेंगे. कहा कि केंद्र सरकार हर देशवासी को सामाजिक सुरक्षा का कवच देने का प्रयास कर रही है. विकास सरकार की प्राथमिकता व प्रतिबद्धता है.
विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए श्री मुंडा ने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट के मामले में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने ही सबसे पहले छेड़छाड़ की थी. अब वही लोग आदिवासियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है. मौके पर श्री मुंडा को पत्ते की टोपी व मीरा मुंडा को फूलों का मुकुट पहना कर स्वागत किया गया. कार्यक्रम में पूर्व विधायक मंगल सोय, प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद, मीरा मुंडा, जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव आदि मौजूद थे.
