PM मोदी का रांची आगमन : नये विधानसभा भवन का उदघाटन करेंगे, यहां जानिए हर जानकारी

यातायात पर आंशिक असर संभव एयरपोर्ट से जगन्नाथपुर मैदान के बीच सुबह व दोपहर में कुछ देर बाधित हो सकता है यातायात रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को रांची आ रहे हैं. वे विशेष विमान से सुबह 10:45 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरेंगे. यहां से वे अगर सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पर […]

यातायात पर आंशिक असर संभव
एयरपोर्ट से जगन्नाथपुर मैदान के बीच सुबह व दोपहर में कुछ देर बाधित हो सकता है यातायात
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को रांची आ रहे हैं. वे विशेष विमान से सुबह 10:45 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरेंगे. यहां से वे अगर सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पर जाते हैं, तो वे हिनू चौक, बिरसा चौक, एसइसी गेट, शहीद मैदान मोड़, मौसीबाड़ी चौक, तिरिल मोड़ होते हुए नवनिर्मित कार्यक्रम स्थल प्रभात तारा मैदान पहुंचेंगे. वहां से करीब डेढ़ बजे वे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
इस दौरान इन मार्गों पर सामान्य यातायात व्यवस्था को थोड़ी देर के लिए रोका जा सकता है. इसके बाद फिर से यातायात व्यवस्था चालू कर दी जायेगी. इसको लेकर यातायात पुलिस ने अपनी तैयारी रखी है. संभव है कि पीएम बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से सीधे नये विधानसभा जा सकते हैं. वहां से वे सड़क मार्ग से प्रभात तारा मैदान पहुंच सकते हैं.
ध्यान रखें
अगर पीएम बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल प्रभात तारा मैदान जाते हैं, तो गुरुवार की सुबह 10:45 से 11:30 और दोपहर 12:45 से 1:30 बजे तक यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस रूट डायवर्ट कर सकती है. ऐसी स्थिति में एजी मोड़, लोरेटो स्कूल, डीएवी श्यामली, सेटेलाइट चौक होते हुए लोग जा सकेंगे.
एयरपोर्ट जानेवाले यात्री क्या करें
गुरुवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से आप विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए हवाई जहाज से उड़ान भरना चाहते हैं, वे ध्यान देंगे. यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सुझाव जारी किया है, ताकि किसी यात्री को आवागमन में कोई असुविधा नहीं हो. कहा गया है कि यात्री 10:30 बजे तक जरूर प्री सिक्यूरिटी चेक के लिए रांची एयरपोर्ट पहुंच जाएं. विभिन्न एयरलाइन द्वारा भी एसएमएस के जरिये यात्रियों को सूचना दी है.
इन विमानों के यात्री समय पर पहुंचें एयरपोर्ट
विमान फ्लाइट नंबर डिपार्चर टाइम
गो एयर 68-146 11:45
एयर एशिया 15-1622 11:25
एयर एशिया 15-745 11:45
इंडिगो 6इ-718 12:05
एयर इंडिया एआइ-720 13:50
इंडिगो 6इ-436 14:25
ऐसे पहुंच सकते हैं बिरसा मुंडा एयरपोर्ट
हेथू -तुम्बागुटू, करमटोली, कुम्हाहुटू, कुटियातू चौक (तुफानी इंक्लेव) मार्ग भाया रिंग रोड, खरसीदाग होते हुए एयरपोर्ट.
हेथू-तुम्बागुटू बड़काटोली, चंदाघासी भाया भुसूर मार्ग से एयरपोर्ट.
आर्मी एविएशन कैंप एयरपोर्ट मैदान : पोखरटोली, नीम चौक, ख्वाजा नगर, मनिटोला भाया डोरंडा मार्ग.
सिंह मोड़ : लटमा रोड होते हुए हेथु-बिरसा मुंडा एयरपोर्ट मार्ग.
कार्यक्रम की तैयारी अंतिम चरण में
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारी अंतिम चरण में है. नये विधानसभा परिसर और जगन्नाथपुर मैदान में जोर-शोर तैयारी चल रही है. जगन्नाथपुर मैदान में मुख्य मंच के अलावा वाटर प्रूफ पंडाल बनाया गया है. कार्यक्रम में शामिल होनेवाले लोगों के लिए टॉयलेट व पीने का पानी के लिए अलग से व्यवस्था की गयी है.
अधिकारियों ने किया निरीक्षण : प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भवन निर्माण सचिव सुनील कुमार, पथ निर्माण सचिव केके सोन, उपायुक्त रांची राय महिमापत रे समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. साथ ही आवश्यक निर्देश दिये.
सुरक्षा व्यवस्था
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर रांची आ रहे हैं. वे धुर्वा में बनाये गये नये झारखंड विधानसभा भवन का उदघाटन करेंगे. वहीं, प्रभात तारा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गयी है.
सुरक्षा के मद्देनजर नये विधानसभा भवन और प्रभात तारा मैदान को एसपीजी के निर्देश पर पुलिस ने पूरी तरह से कब्जे में ले लिया है. आसपास के ऊंची बिल्डिंगों से भी कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बलों की नजर रहेगी.
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल और वहां से बिरसा चौक, हिनू चौक होते हुए बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक जगह-जगह जवानों को तैनात किया गया है. करीब तीन हजार जवानों की तैनाती की गयी है. कांस्टेबल से लेकर एसपी रैंक के अफसरों को दूसरे स्थानों से रांची में तैनात किया गया है. मंगलवार को एसपीजी के अफसरों ने रांची पुलिस के अफसरों के साथ धुर्वा में बैठक की. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया. पीएम की सुरक्षा चार घेरे में होगी. जिला बल के अलावा जैप, रैपिड एक्शन पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स, एसटीएफ, महिला बटालियन की भी तैनाती जगह-जगह पर की गयी है.
मेडिकल व्यवस्था : दो मेडिकल टीमें बनीं, एक कारकेड में शामिल रहेगी
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची आगमन को लेकर रिम्स प्रबंधन ने दो मेडिकल टीमों का गठन किया है. पहली टीम कार्डियेक एंबुलेंस के साथ पुलिस लाइन से हवाई अड्डा जायेगी और वहां से प्रधानमंत्री के कारकेड में शामिल हो जायेगी. वहीं, दूसरी टीम दूसरी कार्डियेक एंबुलेंस के साथ रिम्स से धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम के लिए रवाना होगी और कार्यक्रम की समाप्ति तक वहीं मौजूद रहेगी.
प्रत्येक टीम में तीन डॉक्टर, एक टेक्नीशियन, दो स्टाफ नर्स, एक ट्रॉमा क्रिटिकल केयर टेक्नीशियन और दो अन्य कर्मचारी शामिल रहेंगे.रिम्स प्रबंधन ने पहली मेडिकल टीम के सभी सदस्यों को 12 सितंबर सुबह 5:30 बजे रिम्स अधीक्षक कक्ष के सामने एकत्र होने का निर्देश दिया है. यहां से यह टीम पुलिस लाइन रवाना होगी, जो प्रधानमंत्री के कारकेड में शामिल होगी. वहीं, दूसरी टीम के सदस्य सुबह छह बजे अधीक्षक कार्यालय में एकत्र होंगे, जो सुबह सात बजे जेएससीए स्टेडियम के लिए रवाना होंगे. दोनों कार्डियेक एंबुलेंस में पर्याप्त मात्रा में जीवनरक्षक और प्रधानमंत्री के ब्लड ग्रुप ‘ए पॉजिटिव’ का एक-एक यूनिट रक्त मौजूद रहेगा. इसके अलावा रिम्स ब्लड बैंक में भी इसी ग्रुप का रक्त संग्रहित रखा जायेगा.
पहली टीम के सदस्य : डॉ बिंदे कुमार प्रोफेसर (मेडिसिन), डॉ अरुण कुमार तिवारी (सर्जरी), डॉ अजीजुल हक (एनिस्थिसिया), टेक्नीशियन दीपनारायण, नर्स डाॅली रानी व फातिमा टोप्पो, चालक अरुण कुमार, दीपक कुमार, जॉन उरांव और संतोष चौधरी.
दूसरी टीम के सदस्य : अभय कुमार (मेडिसिन), सुमीर टोप्पो (सर्जरी), डॉ कुमार अभिषेक (ट्राॅमा क्रिटिकल केयर), टेक्निशियन मो अफजल, नर्स मरियम होरो व नर्स अनीता कुमारी, चालक भोला दास व योगेद्र कुमार, दिनेश कुमार व विजय राम.
जेएन कॉलेज पर पुलिस का कब्जा, परीक्षा केंद्र बदला
रांची : प्रधानमंत्री के दौरा को देखते हुए जेएन कॉलेज धुर्वा के भवन में पुलिस के जवानों को ठहराया गया है. जवानों ने क्लास रूप से सभी बेंच व डेस्क बाहर कर दिये. इस कारण विवि प्रशासन को आनन-फानन में जेएन कॉलेज धुर्वा परीक्षा केंद्र को बदलना पड़ा है.
इस केंद्र पर 11 सितंबर को परीक्षा देने वाले परीक्षार्थी अब योगदा सत्संग कॉलेज में परीक्षा देंगे. यह व्यवस्था 11 सितंबर की परीक्षा के लिए की गयी है.
अगर पुलिस के जवान 12 सितंबर के बाद हट जाते हैं, तो बाकी की परीक्षा जेएन कॉलेज धुर्वा में ही होगी. नहीं हटने पर विवि प्रशासन पुन: इसकी सूचना देगा. परीक्षा नियंत्रक डॉ राजेश कुमार ने बताया कि स्नातक पार्ट वन अौर पार्ट टू (अोल्ड कोर्स) की परीक्षा चल रही है.
पुलिस के जवानों को ठहराने की वजह से केंद्र बदलना पड़ा है. पार्ट टू की परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से ही है. इसलिए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जेएन कॉलेज धुर्वा केंद्र पर तीन बसें रखी गयी हैं, जो समय पर पहुंचनेवाले परीक्षार्थियों को योगदा सत्संग कॉलेज केंद्र तक पहुंचायेगी. पार्ट वन की परीक्षा डेढ़ बजे से है. पार्ट वन में 400 और पार्ट टू में लगभग 150 परीक्षार्थी हैं. जवानों के लिए पहले योगदा सत्संग कॉलेज में ठहराने की व्यवस्था थी, लेकिन बाद में जेएन कॉलेज में ठहराने का निर्णय लिया गया.
कहां से आनेवालों के लिए क्या होगी पार्किंग व्यवस्था
सरकारी एवं पास वाली गाड़ियां व मीडिया
एचइसी गेट से सीधे शालीमार बाजार से दाहिने प्रभात तारा चौके के पास चार पहिया वाहनों के लिए पी-9 पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. वहीं, दोपहिया के लिए संत थॉमस स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.
रामगढ़ से आनेवाले : ओरमांझी, बूटी मोड़ होते हुए खेलगांव चौक, सिंहमोड़, चांदनी चौक, प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक जायेंगे. यहीं पर बस के पी-1, पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.
हजारीबाग से आनेवाले : ओरमांझी के रास्ते अपोलो हॉस्पिटल होते हुए रिंग रोड बालालौंग चौक से धुर्वा बस स्टैंड के पास पहुंच सकते हैं. यहां पर बस स्टैंड के बायें सखुआबगान में पार्किंग पी-6 की व्यवस्था है.
धनबाद व लोहरदगा से आनेवाले : ओरमांझी, बूटी मोड़ होते हुए खेलगांव चौक, सिंहमोड़, चांदनी चौक, प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक जायेंगे. यहीं पर बस के पी-4, पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.
लोहरदगा एवं लातेहार से आनेवाले : काठीटांड़ मोड़ से बांये बालालौंग चौक से धुर्वा बस स्टैंड गोलचक्कर से सीधे होमगार्ड ट्रेनिंग ग्राउंड पर पार्किंग पी-8 की व्यवस्था.
खूंटी से आनेवाले : खूंटी से सिंह मोड़ होते हुए चांदी चौक से बायें प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोल चक्कर के पास एचएमटी ग्राउंड में पी-3 पार्किंग की व्यवस्था.
सरायकेला से आनेवाले : रामपुर से बायें रिंग रोड होते हुए सिंह मोड़ से चांदनी चौक से बांये प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोलचक्कर के पास पार्किंग पी-3 स्मार्ट सिटी ग्राउंड में व्यवस्था.
सिमडेगा से आनेवाले : सिमडेगा से सिंहमोड़ होते हुए चांदनी चौक, प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक जायेंगे. यहीं पर बस के पी-4, पार्किंग की व्यवस्था जेएन कॉलेज मैदान, धुर्वा में की गयी है.
रांची (नगड़ी व बेड़ो) से आनेवाले : रिंग रोड होते हुए बालालौंग चौक से धुर्वा बस स्टैंड के बांये आम बगान में पार्किंग पी-7 की व्यवस्था.
रांची (नामकुम, राहे, बुंडू, सोनाहातू, लापुंग सिल्ली, अनगड़ा व तमाड़) से आनेवाले : रामपुर से रिंग रोड होते हुए चांदनी चौक, प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक जायेंगे. यहीं पर बस के पी-5, पार्किंग की व्यवस्था जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, धुर्वा में की गयी है.
रांची (बुढ़मू, कांके, इटकी, चान्हो, रातू, खेलारी, मांडर) से आनेवाले :
रिंग रोड होते हुए बालालौंग चौक से धुर्वा बस स्टैंड से बायें सखुआबगान में पार्किंग पी-6 की व्यवस्था.
रांची (ओरमांझी) से आनेवाले : ओरमांझी, बूटी मोड़ होते हुए खेलगांव चौक, सिंहमोड़, चांदनी चौक, प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक जायेंगे. यहीं बस के पी-5 पार्किंग जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में की गयी है.
गुमला : गुमला से आनेवाले वाहन रिंग रोड होते हुए बालालौंग चौक से धुर्वा बस स्टैंड से बायें जायेंगे. पार्किंग पी-6 की व्यवस्था सखुआ मैदान में की गयी है.
पलामू एवं गढ़वा से आनेवाले : काठीटांड़ माेड़ से बायें बालालौंग चौक से धुर्वा गोलचक्कर बस स्टैंड से सीधे जायेंगे. पी-6, पार्किंग की व्यवस्था सखुआ मैदान में है.
चतरा व कोडरमा से आनेवाले : ओरमांझी के रास्ते अपोलो हॉस्पिटल होते हुए रिंग रोड बालालौंग चौक से धुर्वा बस स्टैंड के पास पहुंच सकते हैं. यहां पर बस स्टैंड के बायें सखुआबगान में पार्किंग पी-6 की व्यवस्था है.
जमशेदपुर व चाईबासा : रामपुर से बायें रिंग रोड होते हुए सिंह मोड़ से चांदनी चौक से बायें प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोलचक्कर के पास पहुंचेंगे. पार्किंग पी-2 एचएमटी ग्राउंड में व्यवस्था.
गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज से आनेवाले : ओरमांझी, बूटी मोड़ होते हुए खेलगांव चौक, सिंहमोड़, चांदनी चौक, प्रोजेक्ट भवन होते हुए धुर्वा गोल चक्कर तक जायेंगे. यहीं पर बस के पी-2, पार्किंग की व्यवस्था एचएमटी ग्राउंड में की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >