रांची : राज्य के 65 हजार पारा शिक्षक पांच सितंबर को जेल भरो आंदोलन करेंगे. एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने अांदोलन की जानकारी मंगलवार को शिक्षा विभाग को भी दी है. मोर्चा के हृषिकेश पाठक व सिंटू सिंह ने बताया कि पांच को पारा शिक्षक अपने जिला में रैली निकालेंगे और सदर थाना तक जायेंगे. प्रदर्शन के बाद पारा शिक्षक गिरफ्तारी देंगे.
इससे पहले सभी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे. इसके बाद 12 सितंबर को पारा शिक्षक प्रधानमंत्री से न्याय मांगने रांची आयेंगे. इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर 16 सितंबर से मुख्यमंत्री के जमशेदपुर स्थित आवास के समक्ष अनशन करेंगे. पारा शिक्षक इस वर्ष जनवरी में हुए समझौता को लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.
पारा शिक्षकों का कहना है कि समझौता में 90 दिनों के अंदर सेवा शर्त नियमावली बनाने की बात कही गयी थी, पर छह माह बाद भी नियमावली नहीं बनायी गयी. सरकार नियामवली बनाने को लेकर गंभीर नहीं है. नियमावली को लेकर केवल आश्वासन दिया जा रहा है.
