रांची : रिम्स में सुपर स्पेशियलिटी विंग स्थित कैंसर विभाग सर्जरी के लिए आत्मनिर्भर हो गया है. अब तक सर्जरी विभाग के सहारे रहनेवाले इस विभाग को रिम्स प्रबंधन ने दो कैंसर सर्जन और एक ऑपरेशन थिएटर मुहैया करा दिया है. इसके साथ ही यहां नियमित सर्जरी की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इसी क्रम में सोमवार को यहां दो महिलाओं के ब्रेस्ट कैंसर की सर्जरी की जायेगी.
रिम्स के कैंसर सर्जन डॉ राेहित कुमार झा और डॉ अजीत कुमार कुशवाहा ने बताया कि सर्जरी के लिए ऑपरेशन थिएटर को तैयार कर लिया गया है. दोनों मरीजों को अस्पताल में भर्ती भी कर लिया गया है. कैंसर से पीड़ित दोनों महिलाओं की उम्र 54 से 56 वर्ष के बीच है. इनका ब्रेस्ट कैंसर सेकेंड स्टेज में है, जिससे इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है.
एक महिला के ब्रेस्ट से सिर्फ गांठ का निकाली जायेगी. वहीं, दूसरी महिला ने पूरे स्तन को काट कर निकालने की सहमति दी है. डॉक्टरों ने बताया कि निजी अस्पताल में इस तरह की सर्जरी के लिए 1.50 रुपये तक खर्च आता था, लेकिन आयुष्मान भारत योजना के तहत रिम्स में यह मुफ्त सर्जरी की जायेगी.
फ्रोजेन सेंटर की भी व्यवस्था : रिम्स के पैथोलॉजी विभाग में कैंसर मरीजों के लिए फ्रोजेन सेंटर स्थापित किया गया है. यहां जांच कर यह बताया जा सकता है कि शरीर के जिस भाग में कैंसर का ट्यूमर था, वह पूरी तरह से निकल गया है नहीं.
