एंबुलेंस, फायर और पुलिस सेवा के लिए डायल करें 112

अब कई सेवाओं के लिए एक ही टोल फ्री नंबर, 30 तक हो जायेगा शुरू रांची : नेशनल इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम की तर्ज पर झारखंड में भी इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम तैयार किया जा रहा है. इस सिस्टम के जरिये आपको आसानी ने एक ही हेल्प लाइन नंबर पर कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी. अभी […]

अब कई सेवाओं के लिए एक ही टोल फ्री नंबर, 30 तक हो जायेगा शुरू

रांची : नेशनल इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम की तर्ज पर झारखंड में भी इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम तैयार किया जा रहा है. इस सिस्टम के जरिये आपको आसानी ने एक ही हेल्प लाइन नंबर पर कई तरह की सुविधाएं मिल सकेंगी. अभी आप पुलिस के लिए 100, फायर के लिए 103 और एंबुलेंस सेवा के लिए 108 हेल्प लाइन नंबर डायल करते हैं.
नया सिस्टम तैयार हो जाने से तीनों सुविधाएं आपको सिर्फ एक ही हेल्प लाइन नंबर 112 पर मिल सकेंगी. इसकी शुरुआत 30 सितंबर से किये जाने की तैयारी की जा रही है. अगर किसी वजह से विलंब होता है, तो यह सेवा 15 अक्तूबर तक हर हाल में शुरू हो जायेगा. रांची के कचहरी चौक स्थित पुलिस कंट्राेल रूम को अपडेट कर इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम के लिए तैयार किया जा रहा है.
प्रदेश के लोगों को उक्त तीनों तरह की सेवाओं के लिए अब सिर्फ 112 डायल करना होगा. विभागीय अधिकारी के मुताबिक, इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम 24×7 काम करेगा. इसके लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम में तैनात 180 कांस्टेबल को रांची शिफ्ट किया जा रहा है. वे 60-60 की संख्या में तीन पाली में काम करेंगे. सभी के रहने व खाने की व्यवस्था टाटीसिलवे स्थित जैप-2 में किया गया है. वहां से उन्हें बस से तय समय पर लाने और ले जाने की व्यवस्था की गयी है.
स्मार्ट सिटी के तहत रांची में लगनेवाले कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर को लेकर रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड और हनीवेल ऑटोमेशन इंडिया लिमिटेड के बीच करार किया गया. हनीवेल ऑटोमेशन 12 महीने के अंदर रांची में कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर इंस्टॉल करेगा. इंस्टॉलेशन पर 164.85 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. कंपनी पांच वर्षों तक सेंटर का ऑपरेशन और मेंटेनेंस भी करेगी.
स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीइओ सह स्टेट अरबन डेवलपमेंट एजेंसी के निदेशक अमित कुमार ने बताया कि कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर पूरे रांची शहर को रेगुलेट करेगा. सीसीटीवी सर्विलांस, इंटेलीजेंट, ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, एडाप्टिव ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, एनवायरमेंट मैनेजमेंट सिस्टम, डाटा सेंटर, अरबन ट्रांसपोर्टेशन, सिटी बस व वाई-फाई जैसी सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी.
सिटी लेबल मोबाइल एेप, स्मार्ट पार्किंग आदि सुविधा लोगों को मिलेगी. यह सिस्टम राजधानी में परिवहन करनेवालों को अत्याधुनिक ट्रांसपोर्टेशन सुविधा में सहायता करेगा. समय-समय पर मौसम, सड़कों पर जाम की स्थिति आदि की जानकारी देगा.
  • कचहरी चौक स्थित पुलिस कंट्रोल रूम को किया जा रहा अपग्रेड
  • 180 कांस्टेबल की होगी तैनाती, तीन शिफ्ट में 24×7 करेंगे काम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >