रांची विवि : 25 अगस्त तक नामांकित विद्यार्थियों तक देना था डाटा
रांची : रांची विवि प्रशासन के आदेश के बावजूद तीन को छोड़ किसी पीजी विभाग व अंगीभूत कॉलेजों द्वारा विवि को इस सत्र में नामांकित छात्र-छात्राअों का डाटा उपलब्ध नहीं कराया. विवि प्रशासन ने सभी पीजी विभाग व कॉलेजों से 25 अगस्त 2019 तक हर हाल में डाटा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था. सिर्फ पीजी मनोविज्ञान, इंस्टीट्यूट अॉफ मैनेजमेंट स्टडीज अौर बीएनजे कॉलेज सिसई ने विवि के आदेश का पालन करते हुए नामांकित छात्र-छात्राअों की सूची उपलब्ध करायी.
विवि इसी सूची के आधार पर सितंबर माह में छात्र संघ चुनाव कराने की योजना है. विभाग व कॉलेज द्वारा विद्यार्थियों की सूची तय समय पर उपलब्ध नहीं कराने को कुलपति व प्रतिकुलपति ने गंभीरता से लिया है. कुलपति ने सभी विभागाध्यक्षों को 27 अगस्त 2019 को विवि मुख्यालय तलब किया है. कुलपति कार्यालय कक्ष सभागार में दिन के 12 बजे से आयोजित इस बैठक में सूची उपलब्ध नहीं कराये जाने के संबंध में पूछताछ होगी.
साथ ही पुन: सूुची उपलब्ध कराने व इसी आधार पर छात्र संघ चुनाव के संबंध में विचार-विमर्श किया जायेगा. रांची विवि प्रशासन ने 20 सितंबर से पूर्व चुनाव संपन्न कराने का विचार किया है. विवि प्रशासन द्वारा बैठक में तय समय पर इस सत्र नामांकित विद्यार्थियों का आइ कार्ड बनाने का भी निर्देश जारी किये जाने की संभावना है.
नवांगीभूत कॉलेज के 136 कर्मियों का वेतन फिलहाल रहेगा स्थगित
रांची : रांची विवि अंतर्गत चार नवांगीभूत कॉलेज के 136 कर्मियों का वेतन फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया गया है. इनमें 17 शिक्षक, 65 तृतीय वर्गीय कर्मचारी अौर 54 चतुर्थवर्गीय कर्मचारी शामिल हैं.
कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय ने सुप्रीम कोर्ट व राज्य सरकार के अादेश के अालोक में नवांगीभूत कॉलेज के शिक्षकों व कर्मचारियों को वेतन देने की स्वीकृति दी है.
लेकिन लगभग 357 शिक्षकों व कर्मचारियों में वैसे शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन स्थगित रखा गया है, जिनके पांचवें व छठे वेतनमान निर्धारण की स्वीकृति राज्य सरकार से नहीं मिल पायी है. हालांकि विवि प्रशासन ने इस बाबत राज्य सरकार से दिशा-निर्देश भी मांगा है. कुलपति ने इसके अलावा अन्य सभी शिक्षकों व कर्मचारियों का वेतन मंगलवार तक निर्गत करने का आदेश दिया है.
