चान्हो की टीम ने नहीं खेला सेमीफाइनल
कांके व अनगड़ा के बीच हुआ फाइनल
रांची : अनगड़ा को 2-0 से हराकर कांके की टीम ने प्रखंड स्तरीय मुख्यमंत्री आमंत्रण कप फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया. इससे पहले सेमीफाइनल में अनगड़ा ने नामकुम को 3-0 से पराजित किया था. मुख्य अतिथि द्रोणाचार्य अवार्डी नरेंद्र सिंह सैनी व जिला खेल पदाधिकारी डॉ प्रभात शंकर ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया. मौके पर शाहिद अंसारी, सरोजनाथ महतो, मुकेश कुमार सिंह अन्य मौजूद थे.
क्वार्टर फाइनल में हुआ था विवाद
बुधवार को क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान चान्हो की टीम ने प्रोटेस्ट किया था. इसके बाद मैच रोक दिया गया. गुरुवार को फाइनल के दिन चान्हो की टीम को डॉक्यूमेंट चेक करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन टीम नहीं पहुंची. नामकुम की टीम का भी डॉक्यूमेंट चेक किया गया, जिसमें 16 में से 9 खिलाड़ियों के डॉक्यूमेंट गलत पाये गये. इसके बाद नामकुम और अगनड़ा टीम ने सात-सात खिलाड़ियों के साथ सेमीफाइनल खेला.
कई प्रखंड की टीम नहीं हुई शामिल : मुख्यमंत्री आमंत्रण कप फुटबॉल प्रतियोगिता में रांची जिला के सभी प्रखंडों की टीमों को शामिल होना था. लेकिन पुरुष वर्ग में 16 प्रखंड व महिला वर्ग में केवल छह प्रखंड की टीम ही शामिल हुई. टीम भेजने की जिम्मेवारी बीडीओ को दी गयी थी.
