रांची : एनआइए ने सादे पेपर पर मजिस्ट्रेट से कराया साइन

अमन तिवारी रांची : एनआइए के अफसरों द्वारा एक मजिस्ट्रेट को दबाव देकर स्वतंत्र गवाह के रूप में सादे कागज पर साइन कराने का मामला सामने आया है. एनआइए के अफसरों ने छापेमारी करने के नाम पर मजिस्ट्रेट को बुलाया था. मामले की जानकारी मिलने के बाद डीसी राय महिमापत रे ने इसे गंभीरता से […]

अमन तिवारी
रांची : एनआइए के अफसरों द्वारा एक मजिस्ट्रेट को दबाव देकर स्वतंत्र गवाह के रूप में सादे कागज पर साइन कराने का मामला सामने आया है. एनआइए के अफसरों ने छापेमारी करने के नाम पर मजिस्ट्रेट को बुलाया था.
मामले की जानकारी मिलने के बाद डीसी राय महिमापत रे ने इसे गंभीरता से लिया है. उन्होंने मामले से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर एनआइए के डीजी (नयी दिल्ली) के पास भेज दी है. साथ ही जांच कर दोषी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की अनुशंसा की गयी है.
रिपोर्ट में डीसी ने लिखा है कि एनआइए के अनुरोध पर सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (रांची) देवनीस होरो एवं प्रखंड सहकारिता पर्यवेक्षक (बेड़ो) उमेश रजक को एक और दो अगस्त 2019 को स्वतंत्र सरकारी गवाह के रूप में एचइसी कॉलोनी धुर्वा स्थित एनआइए कार्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया था. जानकारी के मुताबिक, देवनीस ने डीसी को लिखित शिकायत की है, जिसमें आरोप लगाया है कि एनआइए के अफसरों ने दबाव देकर बिना तिथि के चार सादे कागजों पर उनसे हस्ताक्षर करवाया.
डीसी ने रिपोर्ट में आगे लिखा है कि देवनीस द्वारा आशंका व्यक्त की गयी है कि उक्त कागजात का गलत उपयोग किया जा सकता है. चूंकि यह एक अत्यंत गंभीर मामला है, जिसके कारण एनआइए की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है.
मामले में डीसी ने जांच के लिए एनआइए के एसपी राकेश शर्मा को भी पत्र लिखा है. साथ ही अनुरोध किया है कि दो अगस्त 2019 को देवनीस होरो के साथ प्रतिनियुक्त पुलिस अफसरों के खिलाफ जांच की जाये. जांच के बाद मामले में डीसी ने एनआइए के एसपी से रिपोर्ट भी मांगी है. इस मामले पर उपायुक्त से फोन पर बात करने की कोशिश की गयी, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags
NIA

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >