मेन रोड ओवरब्रिज के निकट है दीपक पैलेस
रांची : मेन रोड ओवर ब्रिज के समीप स्थित दीपक पैलेस पर कब्जे को लेकर बुधवार को दो पक्षों में भिड़ंत हो गयी. इसमें एक पक्ष के दीपक चंद्र सोनी का सिर फट गया. उसने चुटिया थाने में मयूरी होटल के मालिक अशोक कुमार सिंह सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है़
दीपक ने कहा कि उसके घर और दुकान पर कब्जा करने के लिए मयूरी होटल के संचालक अशोक कुमार सिंह व अन्य सुबह पौने 11 बजे के करीब आये थे. उसे इसका अंदेशा पहले से था. उन लोगों ने मुझे बुरी तरह से मारा पीटा.
इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल ले गयी. दोनों पक्षों का विवाद सीसीटीवी में भी कैद हुआ है. काफी देर तक कब्जा को लेकर विवाद चलता रहा. वहीं, अशाेक सिंह की ओर से भी दीपक सोनी व अन्य के खिलाफ भी चुटिया थाने में प्राथमिकी की गयी है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि 31 जुलाई 2019 को भगवान दास साव ने पारिवारिक विवाद के चलते दीपक पैलेस मयूरी होटल के मालिक अशोक कुमार सिंह को बेच दी थी.
बुधवार की दोपहर में अशोक कुमार सिंह अपने लोगों के साथ उस पर कब्जा करना पहुंचा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. घटना के दौरान दीपक के घर की महिलाएं भी पहुंच गयीं. सभी सहमी थीं और रो रही थीं.
