रांची : रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद से शनिवार को मिलने पहुंचे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को जेल प्रशासन ने मिलने नहीं दिया. जेल प्रशासन व पुलिस प्रशासन से आग्रह करने के बाद जब उनको मिलने नहीं दिया गया, तो वे बैरंग लौट गये. बताया जाता है कि मुलाकातियों की सूची में उनका नाम नहीं था़
गौरतलब है कि शनिवार को लालू प्रसाद से मुलाकात का दिन होता है, लेकिन तीन मुलाकातियों से ही मिलने की इजाजत दी जाती है. सूची में समधी कैप्टन बीएन यादव, समधन मृदुला यादव व रिश्तेदार मनोज यादव का नाम था, इसलिए उनको मिलने दिया गया.
लालू प्रसाद से मिलने के बाद समधी कैप्टन बीएन यादव ने कहा कि वे काफी समय बाद रिम्स अाये हैं. लालू प्रसाद से मिलकर काफी खुशी हुई. उन्होंने कहा कि लालू यादव को बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की जरूरत है. वहीं, उनकी समधन मृदुला यादव भी लालू प्रसाद से मिलकर काफी खुश दिखी.
लालू ने सावन के बाद नॉनवेज की जतायी इच्छा, लेकिन डॉक्टर ने किया मना : लालू प्रसाद ने डॉक्टराें से सावन के बाद नॉनवेज की इच्छा जतायी है, लेकिन का स्वास्थ्य कारण के कारण डॉक्टरों ने नॉनवेज देने से मना कर दिया है.
नॉनवेज में सिर्फ प्राॅन मछली व अंडा को पीला भाग निकाल कर खाने को अनुमति है. इलाज कर रहे डॉ डीके झा ने बताया कि लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की मासिक जांच की गयी, जिसमें किडनी पहले की तरह काम कर रहा है. रूटीन स्वास्थ्य जांच की गयी है, जिसमें किडनी, लिवर और यूरिक एसिड सब का सामान्य मिला है. तीन महीने का शुगर लेवल (एचबीएवनसी) सात है, जो सामान्य से थोड़ा बढ़ा है.
