मजदूर महिला की झोंपड़ी में दबंगों ने लगायी आग
मसौढ़ी : थाना के निशियावां गांव में एक झोंपड़ी में रहकर बटाई पर खेती करने वाली 38 वर्षीया मजदूर महिला की झोंपड़ी में गांव के ही कुछ दबंगों ने आग लगाकर बेघर कर दिया. पीड़िता हीरालाल बिंद की पत्नी फुलवदन देवी न्याय के लिए करीब तीन माह तक पुलिस थाने का चक्कर लगाती रही, लेकिन उसकी फरियाद पुलिस ने नहीं सुनी. बाद में वह थकहार कर गुहार लगाने एसएसपी के पास पहुंची.
उसकी शिकायत पर एसएसपी ने संज्ञान लेते हुए मसौढ़ी डीएसपी को इस बाबत अविलंब कारवाई करने का निर्देश दिया . इसके बाद शुक्रवार उसका केस मसौढ़ी पुलिस ने दर्ज कर लिया. मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता फुलवदन देवी थाना के भलुआं गांव के नवल प्रसाद से 24 मई 2018 को 45 हजार रुपये में 84 डिसमिल जमीन खेती के लिए इजारा पर ली थी. वह उसी खेत में झोंपड़ी बनाकर रहती भी थी.
आरोप है कि बीते 19 अप्रैल को नवल प्रसाद उससे भूसा खरीदने पहुंचा और उसे 150 रुपये में एक बीघा का भूसा उसे बेच देने की बात कही,जबकि पीड़िता ने उसे 500 रुपये में भूसा देने की शर्त रखी. बस इसी बात को लेकर नवल प्रसाद और उसके तीन पुत्रों संजीव कुमार, मुंशी प्रसाद व रंजीत कुमार ने उसकी झोंपड़ी में आग लगा दी, जिसमें पीड़िता की करीब एक लाख की संपत्ति जलकर राख हो गयी.
आरोप है कि बाद में इसकी शिकायत लेकर जब वह मसौढ़ी थाना पहुंची तो पुलिस ने उसका केस लेने से इन्कार कर थाने से भगा दिया. पीड़िता फुलवदन देवी का आरोप है कि वह इस दौरान कई बार थाने में अपनी गुहार लगाई लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी थी.
