रांची : रिम्स में निजी चैनल के प्रतिनिधि मुर्शीद से जूनियर डॉक्टर भिड़ गये. मुर्शीद के साथ हाथापाई की. इस दौरान चैनल का भी माइक भी तोड़ दिया. यह मामला मेडिसिन विभाग के डॉ सीबी शर्मा की यूनिट का है. मुर्शीद आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को होनेवाली परेशानियों के बारे में जानकारी लेने डॉ सीबी शर्मा की यूनिट में पहुंचे थे. वहां वे मरीजों से बात कर रहे थे. तभी ड्यूटी पर तैनात जूनियर डॉक्टर उनसे उलझ गये. इस पूरे मामले की जानकारी प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश कुमार को मिली. सूचना पाते ही वे रिम्स पहुंचे.
उनके साथ निजी चैनल के संपादक अनूप सोनू भी आ पहुंचे. सारे लोगों ने रिम्स निदेशक डॉ डीके सिंह को मामले की जानकारी दी. उन्होंने सारी बातें सुनी. इस दौरान पत्रकारों के दल ने रिम्स निदेशक डॉ सिंह से लिखित शिकायत की. लिखित शिकायत पत्र में मुर्शीद ने मारपीट करने का आरोप लगाया है.
पत्रकारों ने पूरी घटना का वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराया. सारा कुछ देखने के बाद उन्होंने कहा कि यूनिट इंचार्ज से बात करूंगा. अगर आयुष्मान कार्ड के मरीज का केवल इसलिए इलाज नहीं हुआ कि आयुष्मान कार्ड में अंग्रेजी में नाम है और राशन कार्ड में हिंदी में नाम दर्ज है. यह नहीं होना चाहिए. पूरे मामले की जांच होगी. उचित और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन भी दिया. इधर, इस घटना को लेकर मीडियाकर्मियों में रोष व्याप्त है.
