मारपीट के बाद एकरा मस्जिद के पास हंगामा, लाठीचार्ज

पहले समुदाय विशेष के लोगों ने मारपीट के विरोध में डोरंडा थाने को घेरा, किया हंगामा व प्रदर्शन घटना के विरोध में रात साढ़े नौ बजे लोगों ने एकरा मस्जिद के पास दुकानों को कराया बंद सड़क से गुजर रहे लोगों को दौड़ा कर पीटा, वाहनों में की तोड़फोड़, लाठीचार्ज, फोर्स तैनात रांची : बिरसा […]

  • पहले समुदाय विशेष के लोगों ने मारपीट के विरोध में डोरंडा थाने को घेरा, किया हंगामा व प्रदर्शन
  • घटना के विरोध में रात साढ़े नौ बजे लोगों ने एकरा मस्जिद के पास दुकानों को कराया बंद
  • सड़क से गुजर रहे लोगों को दौड़ा कर पीटा, वाहनों में की तोड़फोड़, लाठीचार्ज, फोर्स तैनात
रांची : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ग्राउंड के पास फोटो खिंचवाने गये तीन लड़कों के साथ हेथू बस्ती के युवकों ने शुक्रवार शाम चार बजे मारपीट की. इसके बाद पीड़ित युवकों अमीर वसीम, अल्ताफ व अरीब के साथ उनके परिजन और अन्य लोगों का हुजूम करीब रात आठ बजे डोरंडा थाने पहुंचा. थाने का घेराव किया. हंगामा करने लगे. प्रदर्शन कर घटना को माॅब लिंचिंग बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से करने लगे. मौके पर पहुंचे हटिया डीएसपी ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.
इसके करीब एक घंटे बाद इसी घटना के विरोध में मेन रोड एकरा मस्जिद के पास समुदाय विशेष के लोगों ने रात साढ़े नौ बजे दुकानों को बंद कराना शुरू किया. इसके बाद राहगीरों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की. लोगों को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इसमें कई लोग घायल भी हुए. उपद्रवी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. इस क्रम में गुजर रही एक स्कूल बस को रोक कर उसको भी नुकसान पहुंचाया गया. कई लोग जाने बचाने के लिए अपने वाहनों को छोड़कर भाग गये.
इसके बाद मौके पर पुलिस की टुकड़ी और विभिन्न क्षेत्र के डीएसपी और थानेदार पहुंचे. उनके सामने भी उपद्रवी हंगामा करते रहे. रात साढ़े दस बजे के करीब पुलिस ने बल प्रयोग किया. लाठीचार्ज किया. इसके बाद उपद्रवी इधर-उधर भागे. फिर एक जगह उपद्रवी जमा हो गये. उसको भी पुलिस ने फिर खदेड़ा. तब सेंट्रल स्ट्रीट की आेर उपद्रवी भाग गये. तोड़फोड़ व उपद्रव के कारण सड़कों पर कांच बिखरे पड़े थे.
बारिश के दौरान पहुंचे अधिकारी, लोगों से अपने घर जाने और शांति बनाये रखने की अपील की जा रही थी
घटना के दौरान तेज बारिश भी हो रही थी. इस दौरान एसएसपी अनीश गुप्ता, सिटी एसपी हरिलाल चौहान पहुंचे. इसके बाद डीसी राय महिमापत रे भी पहुंचे. मामला शांत होने के बाद वे लोग चले गये. प्रशासन की ओर से माइक पर लगातार लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की जा रही थी. कहा जा रहा था कि वे लोग अपने-अपने घर चले जायें. बावजूद इसके उपद्रवी खेमा जमा हुआ था.
क्या है अमीर वसीम की प्राथमिकी में
शुक्रवार की शाम चार बजे रांची एयरपोर्ट ग्राउंड के पास अमीर वसीम, अल्ताफ व अरीब अहमद फोटो खिंचवाने गये थे. कुछ ही देर बात हेथू बस्ती की ओर से 25-30 की संख्या में युवक लाठी-डंडा लेकर आये. हमलोगों का नाम पूछा. नाम नहीं बताने पर युवक हमें मारने-पीटने लगे. साथ ही संप्रदाय विशेष के खिलाफ गाली-गलौज करने लगे. लाठी-डंडा और पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया. जिससे हमलोग बुरी तरह घायल हो गये. अरीब अहमद सेंट्रल मुहरर्म कमेटी के महासचिव अकिर्लुर रहमान का बेटा है.
सुरक्षा के दृष्टिकोण से सर्जना चौक और सुजाता चौक के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों को किया गया डायवर्ट
घटना के दौरान डेलीमार्केट चौक से चर्च कॉम्प्लेक्स के समीप तक भगदड़ की स्थिति बनी रही. लोग सुरक्षा के दृष्टिकोण से इधर-उधर भागने लगे. घटना के दौरान कोई वाहन इलाके में प्रवेश न करे. इस वजह से पुलिस ने सुजाता चौक और सर्जना चौक के पास बैरिकेडिंग कर रूट को डायवर्ट कर दिया.
दूसरे वाहन और चालकों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने घटनास्थल के समीप पहुंचने नहीं दिया. इस दौरान पुलिस के सामने लोग जमकर हंगामा करते रहे. लेकिन पुलिस धैर्य का परिचय देते हुए भीड़ को पीछे करने का प्रयास करती रही.
आक्रोशित लोगों को समझाने के लिए आरंभ में पुलिस ने किसी प्रकार बल का प्रयोग नहीं किया. पुलिस लोगों को समझा- बुझा कर सड़क से हटने की अपील करती रही. लेकिन आक्रोशित लोगों पर इसका कोई असर नहीं हुआ. पुलिस ने घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के दृष्टिकोण से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है. आसपास के इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गयी है, ताकि कोई अनहोनी घटना न हो.
पुलिस ने की जांच
मारपीट की घटना के बाद पुलिस एयरपोर्ट रोड जांच करने पहुंची. आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मारपीट के पहले दो युवती और एक युवक घटनास्थल के समीप खड़े थे. इनमें से युवक के साथ चार-पांच स्थानीय युवकों ने मारपीट की. इसके बाद युवक और दोनों लड़की चले गये. इसी दौरान वहां तीनों युवक पहुंचे. युवकों के साथ स्थानीय लोगों का किसी बात को लेकर विवाद हो गया.
शांति बनाये रखने की जरूरत : अकीर्लुर
इस तरह की घटना को जो भी अंजाम दे रहा है, उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. आगे से इस तरह की घटना न हो, इसके लिए दोनों समाज के लोगों को मिल कर पहल करने की जरूरत है. इसके निदान के लिए बैठक करें और सौहार्द कायम करें.
महासचिव, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >