रांची : राजधानी का मौसम कूल होने के बावजूद बिजली की कटौती जारी है. कुछ समय पहले तक विभाग की ओर से बिजली की आंखमिचौनी का कारण भीषण गर्मी व लोड का बढ़ना बताया जा रहा था, लेकिन यह दलील भी अब खारिज हो गयी है. रविवार को रातू चट्टी-काठीटांड़ इलाके की बड़ी आबादी को बिजली ने दिन भर खूब छकाया.
सुबह 10 बजे के बाद जो बिजली कटौती शुरू हुई, वह खबर लिखे जाने तक जारी था. आलम यह था कि जितनी बिजली दिन भर लोगों को मयस्सर हुई, उससे ज्यादा समय लोगों को इसके इंतजार में बिताना पड़ा.
उधर, जनता बिजली के लिए त्राहि-त्राहि कर रही थी, जबकि दूसरी ओर बिजली विभाग के कर्मी हर घंटे उत्पन्न होने वाले फॉल्ट को ढूंढ़ते फिर रहे थे. इससे भी खराब हालत निकटवर्ती क्षेत्रों में रही, जहां अधिकतम पांच से छह घंटों तक बिजली काटी गयी. इलेक्ट्रिक सप्लाई सर्किल रांची के डेली पावर इंट्रप्शन रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक जब हालत सामान्य थे, तो इसी वक्त शहर के अंदर ही दर्जनों बार आपूर्ति किसी न किसी रूप में कट रही थी. सबसे ज्यादा परेशानी शटडाउन, ब्रेकडाउन, इंसुलेटर पंचर, अर्थिंग तार के गिरने, जंफर में आयी खराबी और ट्रिपिंग के चलते होने वाले पावर कट से हुई. इसके चलते दिनभर बिजली की आंख मिचौली जारी रही. रातू चट्टी से दिन भर में अलग-अलग अंतराल में कुल आठ बार बिजली काटी गयी. ऐसा ही कुछ हाल राजधानी के अन्य इलाकों का भी रहा.
एक नजर में पावर कट
10:40 बजे बिजली गयी, दिन के 11:10 बजे आयी
12:40 बजे बिजली गयी, दोपहर 12:45 बजे आयी
12:50 बजे बिजली गयी, दोपहर 12:55 बजे आयी
01:00 बजे बिजली गयी, दोपहर 13:20 बजे आयी
02:00 बजे बिजली गयी, दोपहर 02:25 बजे आयी
04:20 बजे बिजली गयी, शाम 04:25 बजे आयी
04:40 बजे बिजली गयी, शाम 05:30 बजे आयी
06:10 बजे बिजली गयी, रात 8:00 बजे आयी
