रांची : बड़ा तालाब के पास जल्द शुरू करायेंगे रात्रि बाजार : संजय सेठ

बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद संजय सेठ, कहा रांची : सांसद संजय सेठ गुरुवार को दल बल के साथ शहर की हृदयस्थली में स्थित बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे. तालाब के वर्तमान स्थिति को देख सांसद ने चिंता जतायी. कहा : इंदौर, भोपाल जैसे शहरों में […]

बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद संजय सेठ, कहा
रांची : सांसद संजय सेठ गुरुवार को दल बल के साथ शहर की हृदयस्थली में स्थित बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे. तालाब के वर्तमान स्थिति को देख सांसद ने चिंता जतायी. कहा : इंदौर, भोपाल जैसे शहरों में पुराने तालाबों को जिंदा किया जा रहा है. जबकि, रांची में सौंदर्यीकरण के नाम पर बड़ा तालाब को खत्म कर दिया गया है.
श्री सेठ ने कहा कि सौंदर्यीकरण के नाम पर तालाब में मिट्टी भरकर इसे बर्बाद किया जा रहा है. ऐसे में तालाब भी सुखेगा ओर लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ेगी. श्री सेठ ने इस दौरान जिला प्रशासन व निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बड़ा तालाब के आसपास में हर शनिवार व रविवार को रात्रि बाजार लगाया जायेगा.
यहां आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए लाइव ऑरकेस्ट्रा का आयोजन किया जायेगा. इस दौरान सांसद ने एसडीओ व सिटी एसपी से कहा कि वे इस बात का ध्यान रखें कि रात्रि बाजार में आनेवाले किसी मां व बेटी को किसी तरह की परेशानी न हो. इसके लिए चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बहाल किया जाये. निरीक्षण के दौरान मेयर आशा लकड़ा, अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर, एसडीओ गरिमा सिंह, सिटी एसपी सुजाता कुमारी आदि उपस्थित थे.
निगम पार्क से राजस्थान मित्र मंडल पूजा पंडाल तक लगेगा बाजार
सांसद ने इस दौरान निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निगम पार्क से लेकर राजस्थान मित्र मंडल तक वेंडरों के बैठने की व्यवस्था करायें. बड़ा तालाब में सप्ताह के दो दिन रात आठ से 12 बजे तक यह बाजार लगेगा. हालांकि, अभी यह ट्रायल बेसिस पर होगा.
मांस-मुर्गा की दुकानों को बंद करायें
ये बड़ा तालाब को गंदा कर रहे हैं
तालाब के किनारे गंदगी देख कर सांसद ने निगम के अधिकारियों व कोतवाली डीएसपी को निर्देश दिया कि तालाब के किनारे चल रहे मुर्गे के व्यवसाय को बंद करायें. यहां से निकले अवशेष को ये तालाब में डाल दे रहे हैं. सेवा सदन के समीप तालाब में नाली का पानी गिरता देख सांसद ने कहा कि इस पानी को रोकने के लिए जल्द से जल्द एसटीपी का निर्माण कराया जाये.
एदलहातू तालाब का होगा जीर्णोद्धार
रांची. मोरहाबादी के एदलहातू स्थित तालाब का जीर्णोद्धार किया जायेगा. नगर विकास विभाग ने इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है. रांची नगर निगम द्वारा तालाब का जीर्णोद्धार कार्य किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >