रांची : एक माह से राजधानी के लोग पेयजल के लिए त्राहिमाम कर रहे हैं. आमलोगों तक पर्याप्त पीने का पानी पहुंचाने के लिए नगर निगम ने 45 टैंकरों को लगाया है. इसके बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है. इसे देखते हुए निगम ने विभिन्न धार्मिक संस्थाओं और कंपनियों से टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की है.
इस आग्रह पर मंगलवार को योगदा सत्संग ने वार्ड 26 के लिए एक टैंकर नगर निगम को दिया. लेकिन, इस टैंकर से भी केवल एक ट्रिप पानी ही हरमू हाउसिंग कॉलोनी में वितरण किया जा सका. इस संबंध में वार्ड 26 के पार्षद अरुण कुमार झा ने बताया कि निगम के हरमू हाइड्रेंट से पानी काफी स्लो आ रहा है. इस कारण वहां पर टैंकरों की कतार लगी हुई है. नगर निगम का बकरी बाजार हाइड्रेंट अब तक खराब पड़ा हुआ है. डोरंडा हाइड्रेंट की भी हालत यही थी. यहां भी पानी भरने के लिए टैंकर लाइन में लगे हुए थे. इसलिए यहां से भी टैंकर को पानी नहीं मिला.
निगम के ड्राइवर को लोगों ने घेरा : पानी नहीं मिलने पर मंगलवार को कार्तिक उरांव चौक के समीप के लोगों ने निगम के टैंकर को घेर लिया. लोगों का यह कहना था कि मोहल्ले में पानी के लिए त्राहिमाम मचा हुआ है. लेकिन टैंकर से पानी नहीं मिल रहा है. इस पर टैंकर के चालक ने कहा कि उसे पानी मिलेगा तब तो वह पानी बांटेगा. जब टैंकर को ही पानी नहीं मिल रहा है, तो हम कहां से पानी बांटेगा.
