रांची : हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस अनिरुद्ध बोस बुधवार को अपनी 90 वर्षीय मां शोभा घोष, मौसी भारती घोष, बहन मौसमी घोष व पत्नी सहित सपरिवार सरिया पहुंचे. यहां उनकी अगवानी एसपी सुरेंद्र कुमार झा, सरिया एसडीएम रामकुमार मंडल, एसडीपीओ विनोद कुमार महतो, इंस्पेक्टर आरएन चौधरी व थाना प्रभारी बिंदेश्वरी दास ने की.
एसडीपीओ कार्यालय में चीफ जस्टिस को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. बाग-बगीचों में लिपटीं यादेंसरिया पहुंचने पर चीफ जस्टिस सरिया के विवेकानंद मार्ग स्थित स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रभाती कोठी त्रिलोकी धाम पहुंचे.
वहां बचपन की याद ताजा हो गयी. वे भावुक हो गये. इस दौरान उन्होंने कोठी का कुआं, बाग-बगीचे सहित अन्य स्थानों को देखा. इसके साथ ही सरिया के बचपन के मित्रों का भी हालचाल पूछा. श्री बोस ने कहा कि 1975 तक उन्होंने सरिया में अपने परिजनों के साथ समय बिताया था. तब से अब तक सरिया का काफी विकास हो चुका है.
उन्होंने इस क्षेत्र के उत्तरोत्तर विकास की कामना की. बताया कि वे नेताजी सुभाषचंद्र बोस के दूर के रिश्तेदार हैं और 1975 तक यहां उनकी मां रहती थी. वे भी यहां छुट्टियां बिताने अक्सर आया करते थे. उनका बचपन यहीं बीता है. प्रभाती कोठी का मुआयना के दौरान वहां रह रहे महेंद्र पंडित व उनके परिजनों से भी मिले. बच्चों को उपहार भी दिया.
