रांची : जिला निर्वाचन शाखा की ओर से लोकसभा चुनाव को लेकर जिले के सारे सरकारी व गैर सरकारी संस्थानाें व विभागों से कर्मचारियों की सूची मांगी गयी थी.
साथ ही सूची को जिला निर्वाचन शाखा की वेबसाइट पर भी अपलोड करने का निर्देश दिया गया था. लेकिन, अब तक किसी कार्यालय की आेर से कर्मचारियों की सूची उपलब्ध नहीं करायी गयी है, जिसे उपायुक्त राय महिमापत रे गंभीरता से लिया है. रांची के लगभग 81 विभागों से कर्मचारियों की सूची मांगी गयी थी. श्री रे ने इन विभागों को 24 घंटे के अंदर कर्मचारियों की सूची अपलोड करने व इसकी प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
निर्धारित समय तक कार्मिक विभाग को सूची उपलब्ध नहीं कराने वालों के खिलाफ चुनाव कार्य में बाधा पहुंचाने की मंशा मानते हुए लोक प्रतिनिधित्व कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. इस संबंध में उपायुक्त ने आदेश जारी कर दिया है. दो दिन पहले जब इसकी समीक्षा की गयी तो पता चला कि अपलोड किये गये डाटा को फ्रिज नहीं किया गया है.
इस कारण यह डाटा उक्त वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं है और अपलोड किया गया डाटा शून्य है. इसके बाद उपायुक्त ने 24 घंटे के अंदर ऐसे सभी संस्थानों को डाटा अपलोड कर उसे फ्रिज करने और उसकी एक प्रति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. संस्थानों में बैंक, स्कूल, एचइसी, एलआइसी कार्यालय, निगम और बोर्ड के कार्यालय, निदेशालय और अन्य शामिल हैं.
