रांची : आंकड़े मांगनेवालों को ही वहां भेज देते हैं, गिन कर आयेंगे : जनरल वीके सिंह

पुलवामा को दुर्घटना कहनेवाले बतायें. राजीव गांधी की मौत आतंकी हमला था या दुर्घटना सेना के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए, हमें एकजुट होना होगा बालाकोट में कुछ नहीं हुआ, तो फिर पाकिस्तान ने हमारे सैनिक अड्डे पर हमला करने की कोशिश क्यों की रांची : पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायु सेना के […]

पुलवामा को दुर्घटना कहनेवाले बतायें. राजीव गांधी की मौत आतंकी हमला था या दुर्घटना
सेना के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए, हमें एकजुट होना होगा
बालाकोट में कुछ नहीं हुआ, तो फिर पाकिस्तान ने हमारे सैनिक अड्डे पर हमला करने की कोशिश क्यों की
रांची : पाकिस्तान के बालाकोट में भारतीय वायु सेना के एयर स्ट्राइक में मारे गये आतंकियों की संख्या को लेकर चल रहे विवाद पर विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने दो टूक कहा : जो आंकड़े मांग रहे हैं, उनको भेज देते हैं. गिन कर आयेंगे? वही बतायेंगे कि कितने आतंकी मारे गये. श्री सिंह ने कहा कि फौज किसी कार्रवाई का प्रमाण नहीं देती है.
उन्होंने पूछा, आज तक किसी लड़ाई का प्रमाण मिला है क्या? उस लड़ाई में कितने दुश्मन के लोग मारे गये. एक आदमी मारा गया या कितने मारे गये.
लड़ाई या किसी कार्रवाई के बाद इसका आकलन होता है कि कितने मकान और संरचना ध्वस्त हुए़ कितने लोग वहां रहते थे, उस पर खुफिया या दूसरी रिपोर्ट पर आकलन ही किया जा सकता है. इस तरह के मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए. श्री सिंह मंगलवार को हरमू पार्टी कार्यालय में पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे.
जब उनसे पूछा गया कि एयर स्ट्राइक को लेकर अलग-अलग आंकड़े दिये जा रहे हैं. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 250 आतंकियों के मारे जाने की बात कही है, वहीं विपक्ष प्रमाण मांग रहा है. जनरल बीके सिंह ने कहा : यह कोई किक्रेट का मैच नहीं है. सीरियस मामला है. भारत ने पहली बार आतंक के खिलाफ निर्णायक फैसला लिया है.
हमने आतंकियों को अंदर घुस कर मारा है. यह पहली बार हुआ है. यह नेतृत्व को दिखाता है. पूरे देश को एकजुट होना होगा. अमित शाह ने एक अनुमान के तहत अपनी बात कही होगी. हम प्रमाण देने के लिए हमला नहीं करते. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि बालाकोट में जब कुछ नहीं हुआ, तो फिर पाकिस्तान ने हमारे सैनिक अड्डे पर हमला करने की कोशिश क्यों की. हमने तो उनका आतंकी कैंप उड़ाया था.
जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि पुलवामा में जो कुछ हुआ, वह एक दुर्घटना थी. इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों से मैं सिर्फ यह पूछना चाहता हूं कि राजीव गांधी के साथ जो कुछ हुआ, वह आतंकी घटना थी या दुर्घटना? ऐसे लोगों को इसका भी जवाब देना चाहिए.
पूरी दुनिया में हमारे देश की साख बढ़ी है
केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि दुनिया में हमारी साख बढ़ी है. पाकिस्तान के मामले में 40 से अधिक देशों ने भारत का समर्थन किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया में भारत की साख बढ़ायी है. उन्होंने कहा कि विंग कमांडर अभिनंदन को तो छोड़ना ही था. जेनेवा संधि के तहत उनको छोड़ना ही पड़ता. हमारी कूटनीति की जीत रही कि वह जल्दी छूट गये.
हमारी काफी दिनों से कोशिश रही है कि संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रतिबंधित सूची में मसूद अजहर को शामिल किया जाये़ पाकिस्तान जेल में बंद कैदियों पर श्री सिंह ने कहा कि हमारा दावा है कि वहां 1971 की लड़ाई में 54 भारतीय कैदी बंद हैं. पाकिस्तान इसे मान नहीं रहा है. हम यह मामला वर्ष 1972 से उठाते आ रहे हैं. पाकिस्तान जेल का दौरा भी प्रतिनिधिमंडल ने किया है, लेकिन पाकिस्तान नहीं मान रहा है. हम दुनिया के देशों से कह रहे हैं कि आतंक के खिलाफ सबको मिल कर लड़ना होगा. पाकिस्तान आतंक का अड्डा है.
शहीद का दर्जा क्या होता, हम मान-सम्मान देते हैं
यह पूछने जाने पर कि सरकार की ओर से सीआरपीएफ के जवानों को शहीद का दर्जा नहीं दिया गया है. इस पर जनरल वीके सिंह ने कहा : शहीद का दर्जा क्या होता है. इसकी क्या परिभाषा है. युद्ध में मारे जानेवालों को सेना में वार कैजुअल्टी कहा जाता है. शहीदों को मान-सम्मान देते हैं.हमारे बहादुर जवान जब शहीद होते हैं, तो हम उन्हें मान देते हैं. जमीन और पैसा देना शहीद का दर्जा नहीं है़
परमाणु बम की धमकी न दे पाकिस्तान, खत्म हो जायेगा
यह पूछने जाने पर कि पाकिस्तान परमाणु बम की धमकी देता है. श्री सिंह ने कहा कि हम परमाणु हमले की बात नहीं करते हैं. वैश्विक नियम का पालन करेंगे. कोई हमला करेगा, तो पुरजोर तरीके से जवाब देंगे. तहस-नहस कर दिया जायेगा. पाकिस्तान से डरते नहीं, जमीन, हवा, पानी कहीं से लड़ने की क्षमता रखते हैं.
महबूबा मुफ्ती पर भरोसा नहीं किया जा सकता है
जनरल वीके सिंह ने कहा कि मैं कभी भी महबूबा मुफ्ती पर विश्वास नहीं करता हूं. वर्ष 2004 से 2006 तक मैं कश्मीर के अवंती में रहा. उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सबको साथ लेकर चलनेवाले थे. वह अच्छे व्यक्ति थे.
उनकी एक राजनीतिक सोच थी, लेकिन महबूबा उस तरह की सोच नहीं रखती है. यह पूछे जाने पर कि फिर उसके साथ में क्यों सरकार बनायी. जनरल वीके सिंह ने कहा : हमारे नेताओं को उन्होंने भरोसा दिलाया होगा. कश्मीर के स्थायित्व के लिए हमने उनके साथ सरकार बनायी.
रांची : एयर स्ट्राइक को 40 देशों का मिला समर्थन, यह बदलाव मोदी सरकार के कारण आया
रांची : भारत सरकार के विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि आतंकी हमले में हमारे 40 जवान शहीद हो गये. इस हमले से पूरा देश गुस्से में था.
आतंकियों को लगता था कि भारत ने कभी किसी को घर में घुस कर नहीं मारा है. पर, एयर स्ट्राइक ने बताया कि संभल जाओ, वरना अब हम बर्दाश्त नहीं करेंगे. एयर स्ट्राइक को 40 देशों का समर्थन मिला. सभी देश भारत द्वारा उठाये गये कदम के समर्थन में थे. यह बदलाव मोदी सरकार की वजह से आया है. जनरल वीके सिंह मंगलवार को एटीआइ में आयोजित भारत के मन की बात कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत में बदलाव आया है. जनता के दिमाग में घर कर गयी सुधार नहीं होने की मनोवृत्ति बदली है. चीजें पटरी पर आयी हैं. सरकार ने गरीबों का कल्याण किया. योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए आधार से जोड़ा. बीमा योजना लागू की.
आवास योजना के तहत गरीबों का घर बनाया. गरीबों की कोई जाति नहीं होती. इसी वजह से भाजपा सरकार ने गरीब सवर्णों के लिए भी 10 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की. भारत आज दुनिया में सबसे अधिक मोबाइल बनानेवाला देश है. यहां डेटा का इस्तेमाल दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा हो रहा है. डेटा भी दुनिया में सबसे सस्ता है. गांवों तक ब्रॉडबैंड पहुंचाने के लिए पिछले साढ़े चार सालों में ऑप्टिकल फाइबर बिछा दिया गया. सड़कें तेज गति से बन रही हैं. हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई यात्रा कर रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की सोच बदलने का काम किया है. इस बार कुंभ में सफाई और रहने की बेहतर व्यवस्था की गयी. दुनिया के 186 देशों से लोग कुंभ मेला में आये. मैंने 40 से अधिक देशों का भ्रमण किया है. सभी देशों में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजने की मांग करते हैं. जनरल सिंह ने कहा कि अभी हाल में सऊदी अरब के प्रिंस ने भारत में 100 बिलियन पाउंड का पहला निवेश किया है.
वह भारत आये, तो उनके साथ मेरी ड्यूटी थी. उस दौरान प्रिंस ने कहा कि भारत 2030 तक दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा. इसी वजह से सऊदी अरब देश में निवेश करना चाहता है. किसी भी विदेशी से यह सुन कर छाती 56 इंच से भी ज्यादा की हो जाती है. पिछले दिनों यमन से भारतीयों को निकालने के लिए सऊदी अरब ने अपने विमानों की बमबारी रोक दी थी.
लोगों को जोड़ रही भाजपा की सरकार
जनरल सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं बिना जाति, धर्म व भेद-भाव के बनायी जाती हैं. सरकार मानती है कि गरीब का कोई धर्म नहीं होता, उसकी कोई जाति नहीं होती. आजादी के बाद से राजनीतिकरण कर लोगों को बांटने का काम किया गया. अब भाजपा की सरकार लोगों को जोड़ रही है. सैनिकों को वन रैंक, वन पेंशन देने के मामले में हाथी निकल गया, लेकिन उसकी पूंछ बच गयी है. काम हो रहा है.
जल्द ही पूंछ भी निकल जायेगी. आनेवाला चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है. साढ़े चार साल में विकास का खाका तैयार कर लिया गया है. अब उसे आगे बढ़ाने की जरूरत है. कार्यक्रम में मेयर आशा लकड़ा, सैनिक कल्याण बोर्ड के निदेशक ब्रिगेडियर बीजी पाठक और शिवपूजन पाठक समेत बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >