रांची : स्वास्थ्य विभाग ने रिम्स प्रबंधन को डेंटल कॉलेज के पांच डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस करने की जांच कराने का आदेश दिया है. आदेश के बाद रिम्स निदेशक ने चिह्नित डॉक्टरों की जांच के लिए टीम बनाने की प्रकिया शुरू कर दी है. स्वास्थ्य विभाग को शिकायत मिली है कि पांचों डॉक्टर रिम्स में सेवा देने के बजाय आसपास के अस्पताल व अपनी निजी क्लिनिक में सेवा देते हैं. इससे रिम्स में दांत की समस्या को लेकर आये मरीजाें को भटकना पड़ता है.
इधर, डेंटल कॉलेज को लेकर स्वास्थ्य विभाग से आयी शिकायत के बाद रिम्स निदेशक भी सख्त हो गये हैं. निदेशक ने शुक्रवार को डेंटल कॉलेज में औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी दंत चिकित्सकों काे स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेें. डेंटल कॉलेज के डॉक्टरों की लगातार शिकायत मिल रही है कि वह अस्पताल मेें समय नहीं देते हैं. ऐसे में रिम्स की छवि खराब होती है.
