रांची : रांची नगर निगम के कर्मचारी 26 फरवरी से हड़ताल पर जायेंगे. विभिन्न मांगों को लेकर इन कर्मचारियों की बैठक बुधवार को नगर निगम के सभागार में हुई. बैठक को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष नरेश राम ने कहा कि निगम के सभी अधिकारियों को अपने मांग पत्र से अवगत करा दिया गया है. लेकिन, अब तक इस कोई कदम नहीं उठाया गया है.
संघ के अध्यक्ष ने बताया कि कर्मचारी 12,13 और 14 फरवरी को नगर निगम भवन में नारेबाजी करेंगे. 15 फरवरी को नगर विकास मंत्री को ज्ञापन सौंपा जायेगा. 16 को दो घंटे काला बिल्ला लगाकर काम किया जायेगा. 17 को सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. 18 को निगम भवन के समीप धरना दिया जायेगा. 23 को राजभवन के समीप प्रदर्शन किया जायेगा. वहीं 26 से निगम के सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले जायेंगे.
सफाई मजदूरों ने दी 16 से हड़ताल की चेतावनी
रांची नगर निगम सफाई मजदूर संघ के सदस्यों की बैठक बुधवार को बकरी बाजार स्टोर में हुई. बैठक को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष दयानंद यादव ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों को भी राज्य सरकार के कर्मचारियों के समान वेतन दिया जाये. दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत सभी कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जाये. साथ ही एक दिन साप्ताहिक अवकाश दिया जाये. इएसआइ का लाभ सभी कर्मचारियों को मिले. साथ ही 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस सभी कर्मचारियों का किया जाये.
इसके अलावा बायोमिट्रिक सिस्टम से हाजिरी बनाने में जो परेशानी सामने आ रही है, उसे दूर करते हुए एक से पांच तारीख के बीच में वेतन भुगतान किया जाये. अगर हमारे इन मांगों को लेकर 15 फरवरी तक निगम प्रबंधन उचित कदम नहीं उठाता है, तो उसके बाद निगम के सभी कर्मचारी हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे. बैठक में देवानंद, सुबोध सिंह, राजू उरांव, लोकेश सिंह, प्रकाश महतो, तौफिक, रामचंद्र पांडेय आदि कर्मचारी उपस्थित थे.
