परीक्षा से लेकर मूल्यांकन तक से दूर रहेंगे अपने स्कूल के शिक्षक
रांची : राज्य में पहली बार कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा गृह केंद्रों पर नहीं होगी. झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने परीक्षा को लेकर सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिशा-निर्देश भेज दिया है. कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा उन्हीं केंद्रों पर होगी, जिस पर संबंधित विद्यालय के मैट्रिक के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी. शिक्षक अपने विद्यालय की परीक्षा से लेकर मूल्यांकन कार्य तक से दूर रहेंगे. इससे पहले तक कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा संबंधित विद्यालय द्वारा ली जाती थी. विद्यार्थी अपने विद्यालय में ही परीक्षा देते थे.
उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन भी संबंधित विद्यालय के शिक्षक ही करते थे. रिजल्ट विद्यालय स्तर पर जारी किया जाता था. जैक ने इस प्रक्रिया में बदलाव किया है. वर्ष 2019 से कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा गृह केंद्रों पर नहीं होगी. उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन जैक द्वारा जायेगा. रिजल्ट का प्रकाशन भी जैक द्वारा ही किया जायेगा.
झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जिलों को भेजे गये दिशा-निर्देश में कहा गया है कि परीक्षा 13 व 14 फरवरी को होगी. 13 फरवरी को प्रथम पाली में हिंदी व अंगरेजी, द्वितीय पाली में गणित एवं विज्ञान व 14 फरवरी को सामाजिक विज्ञान व अन्य विषयों की परीक्षा होगी. प्रत्येक विषय से 50-50 प्रश्न पूछे जायेंगे, परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जायेगी.
4.5 लाख परीक्षार्थी परीक्षा में होंगे शामिल कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा में 405787 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षार्थियों की संख्या में गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष कमी अायी है. कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा को लेकर राज्य भर में 937 परीक्षा केंद्र बनाये गये है. परीक्षा केंद्र प्रखंड स्तर पर बनाये गये हैं.
13 व 14 फरवरी को होगी परीक्षा, बनाये गये 937 केंद्र
नौ से डाउनलोड होगा प्रवेश पत्र
कक्षा नौ बोर्ड परीक्षा का प्रवेश पत्र नौ फरवरी से डाउनलोड होगा. विद्यालय जैक की वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in एवं www.jac.nic.in से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. विद्यालय प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षार्थियों को उपलब्ध करायेंगे. परीक्षा को लेकर ओएमआर शीट व अन्य आवश्यक सामग्री संबंधित जिलों में नौ फरवरी तक भेज दी जायेगी. परीक्षा के दौरान जैक के प्रतिनिधि संबंधित जिले में रहेंगे.
