झारखंड कैडर के डीआइजी रैंक से लेकर एसपी रैंक के अफसरों के साथ सुरक्षा सचिव ने बैठक की
रांची : झारखंड कैडर के आइपीएस को एसपीजी में जाने के लिए कैबिनेट सचिवालय नयी दिल्ली के सुरक्षा सचिव एसके सिन्हा ने रविवार को मोटिवेट किया. श्री सिन्हा ने झारखंड कैडर के डीआइजी रैंक से लेकर एसपी रैंक के अफसरों के साथ पुलिस मुख्यालय में बैठक की.एसपीजी में जाने के लिए इच्छुक पुलिस अधिकारियों के साथ उन्होंने संवाद भी किया.
सुरक्षा सचिव ने सबसे पहले बैठक में शामिल अाइपीएस अफसरों को प्रतिनियुक्ति में आने की प्रक्रिया की जानकारी दी. इसके अलावा उन्होंने एसपीजी में कैरियर और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसके सिन्हा देश के विभिन्न राज्यों में पूर्व में जाकर आइपीएस अधिकारियों के साथ ऐसे संवाद कार्यक्रम कर चुके हैं.
वह चाहते हैं कि एसपीजी में बेहतर आइपीएस अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर आयें. इसलिए वह एक तरह से एसपीजी में आने के लिए आइपीएस को निमंत्रण देने के साथ ही मोटिवेट भी कर रहे हैं. संभव है कि आनेवाले दिनों में झारखंड कैडर में एसपी रैंक के कुछ अफसर प्रतिनियुक्ति पर जायें. क्योंकि एसपी के रैंक में अमूमन कम ही आइपीएस अधिकारी एसपीजी में जाने की इच्छा जाहिर करते हैं.
सुरक्षा सचिव के संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए झारखंड कैडर के डीआइजी रैंक से लेकर एसपी और प्रशिक्षु आइपीएस सहित 36 आइपीएस अफसरों का नाम पुलिस मुख्यालय ने मनोनीत किया था. जिनके नाम का चयन किया गया था, उनमें डीआइजी साकेत कुमार सिंह, अखिलेश कुमार झा, एवी होमकर, प्रभात कुमार, पंकज कंबोज, असीम विक्रांत मिंज का नाम शामिल था.
एसपी रैंक में ए विजया लक्ष्मी, क्रांति कुमार, अजय लिंडा, पी मुरूगन, चौथे मनोज रतन, कुसुम पुनिया, अंजनी कुमार झा, अनूप बिरथरे, पटेल मयूर कन्हैयालाल, अनीश गुप्ता, एम तमिल वानन, इंद्रजीत महथा, कार्तिक एस, प्रियदर्शी आलोक, जय राय, एम अर्शी, प्रियंका मीना, एहतेशाम वकारिब, सुभाष चंद्र जाट, खोत्रे श्रीकांत, आर रामकुमार, सौरभ कुमार, ऋषभ कुमार झा, अमित रेणु और प्रशिक्षु आइपीएस अंजनी अंजन, कुमार गौरव, राकेश रंजन, विनीत कुमार, वंदिता राणा और नाथू सिंह मीना का नाम शामिल था.
