तबादले में भारी अनियमितता

309 सहकारिता पदाधिकारियों का हुआ तबादला 70 फीसदी अधिकारियों को बदला गया रांची : सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के तबादले में कई अनियमितता हुई हैं. नियमों का उल्लंघन कर करीब 70 फीसदी अधिकारियों को बदला गया है. लोकसभा चुनाव के दौरान लंबे समय से जमे अधिकारियों का तबादला करने का आदेश था. इस आलोक में एक […]

309 सहकारिता पदाधिकारियों का हुआ तबादला

70 फीसदी अधिकारियों को बदला गया

रांची : सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के तबादले में कई अनियमितता हुई हैं. नियमों का उल्लंघन कर करीब 70 फीसदी अधिकारियों को बदला गया है. लोकसभा चुनाव के दौरान लंबे समय से जमे अधिकारियों का तबादला करने का आदेश था. इस आलोक में एक सूची तैयार की गयी थी. उस सूची को भी 19 जून को हुई स्थापना समिति की बैठक में लाकर सभी अधिकारियों को बदल दिया गया है.

सहकारिता विभाग के पूर्व सचिव आरएस पोद्दार ने 20 जून 2009 को एक आदेश निकाला था. इसमें कहा था कि कुल कार्यरत बल के एक तिहाई का ही स्थानांतरण एक बार में हो सकता है. विभाग में सहकारिता पदाधिकारियों के कुल कार्यरत बल करीब 440 है. 19 जून की स्थापना के बाद 309 कर्मियों का तबादला किया गया है.

नहीं रद्द की गयी प्रतिनियुक्ति

सहकारिता मंत्री ने 29 मई 2014 को सचिव सहकारिता को पीत पत्र भेजा था. इसमें विभाग के सभी प्रतिनियुक्ति को रद्द करने का आदेश दिया गया था. आदेश की जानकारी सहकारिता सचिव ने निबंधक राहुल पुरवार को दी. लेकिन, इस आदेश का पालन नहीं किया गया. कुछ प्रतिनियुक्त लोगों को ही हटाया गया. बाकी अपने स्थान पर जमे हुए हैं. एक सहकारिता प्रसार पदाधिकारी तो पिछले 20 साल से हजारीबाग में ही पदस्थापित हैं. एक-दो माह के लिए इनका प्रमंडल बदलता है. फिर वहीं पदस्थापित कर दिया जाता है.

जो लंबे समय से प्रतिनियुक्त हैं

सहकारिता फेडरेशन, झामकोफेड, झास्कोलैंप में अभी कई कर्मी प्रतिनियुक्त हैं. मुकेश कुमार जयपुरियार (साहेबगंज से रांची में प्रतिनियुक्ति पर हैं, रांची में ही पदस्थापित किया गया है). राजीव कुमार वर्मा (हजारीबाग से रांची में प्रतिनियुक्त, इन्हें रांची में पदस्थापित कर दिया गया), मनोज मिश्र (एक माह पूर्व धनबाद से गोपीकांदर दुमका भेजा गया था, फिर धनबाद में ही पदस्थापित कर दिया गया), अजीत कुमार मिश्र (चतरा से प्रतिनियुक्ति पर गोड्डा, गोड्डा में 10 साल से अधिक समय से पदस्थापित).

आचार संहिता में ही तबादला

मेयर चुनाव के दौरान ही रांची निगम क्षेत्र में पदस्थापित कई कर्मियों को बदल दिया गया. सहकारिता विभाग ने रांची शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के कई कर्मियों का तबादला चुनाव के दौरान कर दिया है. इनको 30 जून तक विरमित करने का आदेश दिया गया है, जबकि सभी चुनाव 27 जून तक चुनाव डय़ूटी में लगे हुए हैं. स्थानांतरण आदेश में चुनाव आयोग के स्वीकृति का कोई जिक्र नहीं किया गया है. इसमें रामनारायण सिंह, सुनील कुमार साह, सुधीर कुमार लाल, शशिभूषण शर्मा, रमेश कुमार झा, संध्या बारो भैया, अनुपम नीलम तिग्गा, विभा रानी सुरीन, राजेंद्र पांडेय, राजेश कुमार, मिहिर झा, मुकुट बाड़ा, कलविंदर पाल सिंह आदि शामिल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >