रांची : रिम्स के ब्लड बैंक में निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाये कर्मचारियों को निदेशक डॉ दिनेश कुमार सिंह ने मिलकर देर से ड्यूटी आने की वजह बताने का समय दिया था. लेकिन, सोमवार की शाम तक किसी डॉक्टर या कर्मचारी ने देर होने की वजह नहीं बतायी. ऐसे में निदेशक कार्यालय से अब अनुपस्थित डॉक्टर व कर्मचारियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा जायेगा.
मंगलवार को क्रिसमस की छुट्टी के कारण कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी नहीं किया गया, लेकिन बुधवार को ब्लड बैंक इंचार्ज से लिखित जानकारी मांगी जायेगी. निदेशक ने स्पष्ट कहा कि करीब एक घंटा रहने के दौरान कई डॉक्टर व कर्मचारी नहीं आये थे. जाते वक्त उपस्थित कर्मचारी को कह कर आया था कि जो अनुपस्थित हैं, उन्हें मेरे कार्यालय में आकर मिलने को कहना. इसके बावजूद कोई मेरे पास नहीं आया, यह गंभीर मामला है. अगर वह अपने नहीं आने की वजह बता देते, तो लिखित स्पष्टीकरण नहीं मांगा जाता.
रांची : छह स्पेशियलिटी ओपीडी संचालित करेगा रिम्स का शिशु रोग विभाग
रांची : रिम्स के शिशु रोग विभाग में जनवरी 2019 से द्वितीय पाली (दोपहर तीन से पांच बजे तक) में छह दिन स्पेशियलिटी आेपीडी संचालित किया जायेगा. शिशु विभाग द्वारा रिम्स प्रबंधन को स्पेशियलिटी ओपीडी में किस बीमारी का ओपीडी संचालित की जायेगी और उस दिन कौन से डॉक्टर सेवा देंगे, इसकी सूची भी तैयार कर ली गयी है.
सोमवार को हाई रिस्क नियोनेटल क्लिनिक, मंगलवार को जेनेटिक क्लिनिक, बुधवार को नेफ्रोलॉजी क्लिनिक, गुरुवार को इपिलिप्सी क्लिनिक, शुक्रवार को अस्थमा क्लिनिक एवं शनिवार को एडाेलेसेंट क्लिनिक संचालित किया जायेगा. सोमवार को डॉ यूपी साहू, मंगलवार को डॉ अमर वर्मा, बुधवार डॉ पीके चौधरी, गुरुवार को डॉ राजीव मिश्रा, शुक्रवार को डॉ आरएन चौधरी व शनिवार को डॉ मिन्नी रानी अखौरी होंगी. विभागाध्यक्ष डाॅ एके चौधरी पूरे क्लिनिक की निगरानी करेंगे.
