रांची : रांची नगर निगम का पानी का एक टैंकर गुरुवार को चिरौंदी में मिला, जो करीब एक साल से लापता था. खास बात यह है कि निगम के स्टोर से टैंकर के गुम होने की जानकारी स्टोर प्रभारी को भी नहीं थी. बुधवार को जब नगर निगम को इसकी जानकारी मिली, तो गुरुवार को टैंकर को लाने के लिए ड्राइवर को चिरौंदी भेजा गया. लेकिन, स्थानीय लोगों ने इसका विरोध कर दिया. इसके बाद नगर निगम की ओर से इंफोर्समेंट टीम को चिरौंदी भेजा गया. बाद में लोगों ने टैंकर को छोड़ दिया.
इधर, विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि साल 2017 में गर्मी के समय टैंकर चिरौंदी स्थित साइंस सिटी में लाया गया था. उसके बाद से टैंकर साइंस सिटी में पड़ा हुआ था. इस बीच निगम की ओर से कोई टैंकर लेने नहीं आया. आज हम इस टैंकर का उपयोग कर रहे हैं, तो फोर्स भेजकर इसे वापस मंगवाया जा रहा है. इस संबंध में अपर नगर आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा है कि इस मामले की जांच करायी जायेगी. इसमें जो भी संलिप्त होगा, उस पर कार्रवाई की जायेगी.
नगर निगम के स्टोर में पहले भी इस तरह की लापरवाही हुई है. पांच साल पहले तो निगम स्टोर से एक चलता-फिरता ट्रैक्टर को ही वहां के कर्मचारियों ने बेच दिया था. बात ऊपर तक पहुंची. लेकिन हाथ-पैर जोड़कर मामले को दबा दिया गया. किसी पर कार्रवाई नहीं हुई.
इसके अलावा जल संकट से निबटने के लिए दो साल पहले वार्डों में कई जगहों पर दो-दो हजार लीटर की पानी टंकियां लगायी गयी थीं. लेकिन, एक साल बाद ही अधिकतर पानी की टंकियां गायब हो गयीं. ये टंकियां कहां गयीं, इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है.
