रांची : हरमू बाइपास में धोनी के घर के सामने एक डंपर ने सोमवार की सुबह 7:30 बजे ऑटो (जेएच 01एस-5174) को टक्कर मार दी़ इस टक्कर में ऑटो चालक अजीत कुमार सिन्हा(55 वर्ष) व ऑटो पर बैठी उनकी पुत्री अंकिता सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद अजीत को अरगोड़ा थाना की पुलिस रिम्स ला रही थी कि बीच रास्ते में उनकी मौत हो गयी. जबकि अंकिता सिन्हा को गंभीरावस्था में रिम्स में भरती कराया गया है़ वहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
हरमू के विद्यानगर निवासी अजीत सिन्हा के पुत्र अंकित कुमार सिन्हा ने बताया कि उसके पिता ऑटो पर उसकी बहन अंकिता सिन्हा को उर्सुलाइन स्कूल छोड़ने जा रहे थे. अंकिता उर्सुलाइन स्कूल में 11वीं की छात्रा है़
धोनी के घर के सामने स्थित पेट्रोल पंप में वह तेल भरवाने के लिए घुस रहे थे, उसी समय विपरीत दिशा से आ रहे डंपर ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में उसके पिता अजीत कुमार सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गयी. अरगोड़ा थाना की पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया. हरमू मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया. अजीत कुमार सिन्हा मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिला के बरौली के रहनेवाले थे.
