रांची : मधुकम निवासी सूरज कुमार चौधरी की शुक्रवार की रात पंडरा ओपी क्षेत्र के विकास नगर स्थित ससुराल मेें संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी थी. सूरज की मां गौरी देवी व भाई संतोष कुमार चौधरी ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है.
वे पुलिस से उसकी पत्नी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे है़ं बुधवार को हत्या के आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने की मांग को लेकर मृतक के मां, भाई व मधुकम के महिला-पुरुष थाना पहुंचे. करीब एक घंटे तक थाना का घेराव करने के बाद पंडरा ओपी प्रभारी अनूप भेंगरा द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिये जाने के बाद घेराव समाप्त किया गया. पुलिस ने उनसे कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जायेगी. पुलिस को गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की संभावना है. घेराव करनेवालों में राकेश गुप्ता, अजीत गुप्ता, शुभम, प्रेमा देवी सहित कई महिला-पुरुष शामिल थे़
