विधानसभा परिसर में मना लोजपा का 18 वां स्थापना दिवस, कई लोगों ने थामा पार्टी का दामन
रांची : लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि झारखंड में पार्टी सशक्त एवं मजबूत हो चुकी है. पार्टी लोकसभा की आठ सीटों को हर तरीके से प्रभावित करने की क्षमता रखती हैं. हमारी पार्टी जिसे चाहेगी, लोकसभा की आठ सीट पर वही उम्मीदवार जीतेगा. लोजपा सरकार की घटक दल है. घटक दल होने के नाते उचित सम्मान और अधिकार के हम हकदार हैं.
झारखंड की दो लोकसभा सीट चतरा व धनबाद के लिए पार्टी की ओर से दावेदारी की जायेगी. कार्यकर्ताओं की भावना से राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विलास पासवान को अवगत करा दिया गया है. श्री प्रधान बुधवार को विधानसभा परिसर में लोजपा के 18 वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे.
श्री प्रधान ने भाजपा से अविलंब समन्वय समिति की बैठक बुलाने का आग्रह किया. साथ ही सरकार से पारा टीचर, आंगनबाड़ी सेविका, मनरेगा कर्मियों की मांग पर सहानुभूति पूर्व विचार करने की मांग की. मौके पर रांची जिले के विभिन्न प्रखंड से आये लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
कार्यक्रम के दौरान सदस्यता ग्रहण करने वालों में 22 गांव के पड़हा राजा अमित तिर्की, कडरु सदर हफिजुल हसन, चंदनक्यारी बोकारो जिला कांग्रेस नेता रंजीत मिश्रा, हम पार्टी के राष्ट्रीय सचिव संजीत मिश्रा, इंटक नेता दिनेश प्रसाद शर्मा, भानु सिंह के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता शामिल थे. स्थापना दिवस समारोह में राष्ट्रीय सचिव राज कुमार राज, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र द्विवेदी, राजीव सिंह, प्रमोद सिंह व राम सिंहासन शर्मा के अलावा कई लोग उपस्थित थे.
