रांची : स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी सोमवार को अचानक रिम्स पहुंचे. उन्होंने इमरजेंसी और आयुष्मान भारत योजना के लिए बनाये गये डेस्क का निरीक्षण किया. वहां तैनात कर्मचारी से पूछा : अब तक कितने लाभार्थियाेें का गोल्डेन कार्ड बना है? मंत्री ने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों के परिजन से भी बातचीत की. साथ ही डॉक्टरों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया.
इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक माह के अंदर ट्राॅमा सेंटर शुरू हो जायेगा. सेेंट्रल इमरजेंसी भी वहीं शिफ्ट हो जायेगा. वहां मरीजों को और बेहतर इलाज मिलेगा. परिजन को ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी. निरीक्षण में अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप और उपाधीक्षक डाॅ संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे.
रिम्स में चल रही नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति जानने आये थे स्वास्थ्य मंत्री
पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री से रिम्स शासी परिषद की बैठक और तृतीय व चतुर्थ वर्ग के कर्मचारियों की नियुक्ति पर भी सवाल किया. इस पर मंत्री ने कहा कि वह नियुक्ति की प्रक्रिया को शुरू करने के लिए रिम्स द्वारा शुरू की गयी प्रगति का जायजा लेने आये थे. तृतीय वर्ग के 172, टेक्नीशियन के 63 और नर्स के 353 पद खाली हैं, जिन्हें भरा जाना है.
शौचालय से उठ रही थी बदबू, नाराज हुए मंत्री सफाई का निर्देश दिया इमरजेंसी से लौटते रहे स्वास्थ्य मंत्री अचानक ठिठक गये. उन्होंने पूछा : शौचालय से इतनी बदबू आ रही है, इसकी सफाई नहीं होती है क्या? उन्होंने अधीक्षक को तत्काल इसकी सफाई कराने का निर्देश दिया. कहा कि मरीजों को लोड है, तो शौचालय गंदा होगा ही. यह एजेंसी का काम है कि वह समय-समय पर शौचालय की सफाई कराये.
