अनगड़ा : मांगों को लेकर पारा शिक्षकों ने मंगलवार को जेल भरो आंदोलन चलाया. थाना में गिरफ्तारी दी. इधर प्रखंड के बर्खास्त पारा शिक्षकों के बचाव में विधायक रामकुमार पाहन व प्रमुख अनिता गाड़ी आगे आये हैं.
उन्होंने अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा है कि प्रखंड का कोई भी पारा शिक्षक स्थापना दिवस समारोह के हंगामे में शामिल नहीं था. सभी निजी कारणों से सामूहिक अवकाश पर थे.
मांडर. पारा शिक्षकों ने जुलूस निकाला. मुख्यमंत्री, शिक्षा सचिव व स्थानीय विधायक का पुतला फूंका. इसके बाद गिरफ्तारी देने मांडर थाना पहुंचे. लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया. तत्पश्चात पारा शिक्षकों ने उपायुक्त के नाम मांगों से संबंधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपा.
चान्हो में भी जेल भरो अभियान के तहत पारा शिक्षक जुलूस की शक्ल में थाना पहुंचे. अपनी गिरफ्तारी देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया. बाद में पारा शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीजूपाड़ा आये पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को सेवा स्थायी करने व समान वेतन की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा.
कांके. पारा शिक्षकों ने कांके थाना परिसर में धरना दिया व गिरफ्तारी दी. नेतृत्व जिप सदस्य मोजिबुल अंसारी कर रहे थे. हालांकि गिरफ्तारी के दो घंटे बाद सभी पारा शिक्षकों को रिहा कर दिया गया.
नामकुम. पारा शिक्षकों ने प्रखंड कार्यालय से थाना तक जुलूस निकाला. थाने का घेराव किया तथा गिरफ्तारी दी. साथ ही 15 नवंबर को गिरफ्तार 280 साथियों की बिना शर्त रिहाई, बर्खास्त पारा शिक्षकों की बर्खास्तगी का आदेश वापस लेने, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने तथा छत्तीसगढ़ की तर्ज पर स्थायी करने की मांग रखी.
बुढ़मू : पारा शिक्षकों की हड़ताल से प्रखंड क्षेत्र के 76 विद्यालयों में पठन-पाठन व मध्याह्न भोजन ठप हो गया है. मंगलवार को पारा शिक्षक गिरफ्तारी देने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया. पारा शिक्षक दिन भर प्रखंड परिसर में रहे व शाम में घर लौट गये. पारा शिक्षकों ने स्थानीय विधायक से अपनी मांगों के समर्थन में बातचीत की. विधायक ने उनकी मांग को मुख्यमंत्री के पास रखने व उस पर गंभीरता पूर्वक विचार कर बीच का रास्ता निकाले जाने का आश्वासन दिया.
