झारखंड राज्य सहकारी बैंक निदेशक पर्षद का चुनाव हुआ
अभयकांत व विभा सिंह को 52-52 मत मिलने के बाद लॉटरी निकाला गया
रांची : झारखंड राज्य सहकारी बैंक निदेशक पर्षद के अध्यक्ष पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद चुने गये. सोमवार को निदेशक पर्षद के हुए चुनाव में अभयकांत प्रसाद व सहकारिता विभाग के अधिकारी जयदेव सिंह की पत्नी विभा सिंह को बराबर (52-52) मत मिले थे. इसके बाद चुनाव पदाधिकारी व सहकारिता विभाग के निबंधक रमेश घोलप की बैठक हुई. इसमें लॉटरी से अध्यक्ष चुनने का निर्णय लिया गया, जिसमें अभयकांत प्रसाद निर्वाचित हुए.
ज्ञात हो कि सोमवार को इटकी रोड स्थित सहकारी बैंक कार्यालय परिसर में चुनाव हुआ. इसमें 127 में से 124 मतदाताओं ने मतदान किया. चुनाव पदाधिकारी सह जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ. चुनाव पर्यवेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मंजुनाथ भजयंत्री ने भी मौके पर पहुंच कर चुनावी प्रक्रिया की जानकारी ली. सुबह में आमसभा के बाद तीन बजे तक मतदान हुआ.
शाम चार बजे से मतों की गिनती की गयी. अध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में रह गये थे. ज्ञात हो कि पर्षद में 14 निदेशकों को चुना जाना है. इसमें सोमवार को मतदान से सात का चुनाव कर लिया गया है. तीन महिला पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गयी थीं. शेष चार का मनोनयन होगा.
1992 के बाद हो रहा है चुनाव : सहकारी बैंक निदेशक पर्षद का चुनाव 1992 के बाद हो रहा है. संयुक्त बिहार के समय भी चुनाव नहीं होता था. वैद्यनाथन कमेटी ने चुनाव करा कर निदेशक पर्षद बनाने का निर्देश दिया था.
इसके बाद 2015 के एक्ट के आधार पर चुनाव कराया जा रहा है. 2017 में सहकारी बैंक का विलय कर दिया गया है. इसके बाद पूरे राज्य में एक सहकारी बैंक का संचालन हो रहा है. सहकारी बैंकों की पूरे राज्य में 122 शाखा है. चार क्षेत्रीय कार्यालय भी है. निदेशक पर्षद आनेवाले दिनों में बैंक संचालन का नीतिगत काम करेगा
