प्रणव
रांची : झारखंड में औसतन हर माह 57 नाबालिगों के साथ रेप की घटनाएं घटती हैं. शिक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माने जानेवाला बोकारो तो नाबालिगों के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है. इस वर्ष अगस्त तक बोकारो में 50 रेप के मामले दर्ज किये गये. वहीं पलामू में 40, हजारीबाग में 34, देवघर में 33 और लातेहार में 31 रेप के मामले दर्ज हुए. कुल 24 जिलों की बात करें तो इस वर्ष अगस्त तक 455 मामले दर्ज किये गये हैं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नाबालिगों के साथ रेप की 60 फीसदी घटनाओं में अपने ही लोग शामिल पाये गये. 2014 से अगस्त 2018 तक राज्य में कुल 2556 रेप के मामले दर्ज हुए हैं. इसमें से 1841 मामलों में ही पुलिस चार्जशीट कर सकी है.
अति नक्सल प्रभावित खूंटी, गुमला, लोहरदगा में उक्त जिलों की तुलना में रेप की घटनाएं कम हुई है. साइबर क्राइम के लिए चर्चित जामताड़ा में भी रेप की घटनाएं कम हुई है.
हालांकि जानकार बताते हैं कि यह आंकड़े सिर्फ वैसे हैं, जो थानों तक पहुंचे है. वहीं, 20 से 30 फीसदी मामले दबाव या लोकलाज के कारण थाने तक पहुंच ही नहीं पाते हैं. पिछले दिनों दुष्कर्म के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सभी जिलों से नाबालिगों के साथ हुए रेप की घटना का ब्योरा और पुलिस कार्रवाई के संबंध में पुलिस मुख्यालय और सीआइडी से रिपोर्ट तलब की थी. इसके बाद विभाग ने रिपोर्ट तैयार की.
बोकारो, पलामू, हजारीबाग और देवघर में नाबालिग सर्वाधिक असुरक्षित
पोक्सो एक्ट के तहत जिलाें में दर्ज मामले
जिला 2014 2015 2016 2017 अगस्त 2018
रांची 46 57 65 53 21
खूंटी 03 12 07 09 00
बोकारो 18 37 48 73 50
पलामू 24 08 20 43 40
देवघर 03 25 33 35 34
हजारीबाग 11 18 31 33 33
लातेहार 05 12 18 23 31
गुमला 11 20 21 37 08
लोहरदगा 18 21 17 36 06
सिमडेगा 10 04 18 16 10
चाईबासा 23 51 22 23 22
जमशेदपुर 16 27 38 44 18
सरायकेला 08 16 16 14 15
गढ़वा 10 09 21 23 03
चतरा 05 15 15 29 20
रामगढ़ 21 09 20 15 13
कोडरमा 05 15 16 22 10
गिरिडीह 15 21 37 43 19
धनबाद 25 35 52 77 26
दुमका 18 22 11 21 28
पाकुड़ 11 16 11 20 07
साहेबगंज 02 06 16 20 13
गोड्डा 07 11 26 02 17
जामताड़ा 01 08 04 12 08
रेल जमशेदपुर 00 00 01 00 01
रेल धनबाद 00 00 02 01 02
वर्ष 2018 में हुई घटनाएं :
25 अप्रैल : कुचाई थानांतर्गत गालूडीह गांव में एक अनाथ नाबालिग लड़की से उसके मुंहबोले चाचा ने दुष्कर्म किया.
27 अप्रैल : रांची के डेली मार्केट स्थित प्ले स्कूल में पढ़नेवाले बच्चे के साथ स्कूल वैन का चालक करता था अप्राकृतिक यौनाचार.
28 अप्रैल : रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र निवासी नाबालिग छात्रा ने अपने ही पिता के खिलाफ महिला थाने में रेप की प्राथमिकी दर्ज करायी थी .
28 अप्रैल : रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग ने सौतेले पिता के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कराया था
3 मई : मेदिनीनगर सदर थाना के एक गांव में नाबालिग के साथ ननिहाल में उसके रिश्तेदारों ने ही रेप किया था
किस वर्ष कितने मामलों में चार्जशीट
वर्ष केस चार्जशीट
2014 316 305
2015 475 423
2016 586 421
2017 724 491
2018 455 210
