रांची : राज्य भर के राजस्व कर्मचारी 26 नवंबर से अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर जा रहे हैं. झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ ने इसका फैसला लिया है. इस फैसले के बाद हड़ताल को सफल बनाने के लिए संघ के पदाधिकारी अलग-अलग जिलों में बैठक कर रहे हैं. इस कड़ी में रविवार को गोड्डा में बैठक की गयी. संघ ने निर्णय लिया है कि हर जिले में पदाधिकारी जायेंगे और वहां बैठक करके कर्मियों का सहयोग प्राप्त करेंगे, ताकि हड़ताल का कार्यक्रम शत प्रतिशत सफल रहे. संघ के महामंत्री दुर्गेश मुंडा ने बताया कि इस बार सारी मांगें जब तक लिखित रूप में पूरी नहीं हो जाती हैं, तब तक हड़ताल का कार्यक्रम वापस नहीं लिया जायेगा.
उन्होंने कहा कि 2017 में राज्य भर के कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गये थे. तब सरकार ने मांगें पूरी करने पर समझौता करके हड़ताल वापस करा लिया था, लेकिन बाद में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने उस समझौते पर अमल नहीं किया. ऐसे में फिर से संघ ने हड़ताल का निर्णय लिया है.
